शाहजहांपुर। मो0आफाक। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा एसएस विश्वविद्यालय के लिए वर्ष 2026-27 के बजट में 21 करोड़ रुपये के आवंटन पर आश्रम के मुख्य अधिष्ठाता स्वामी चिन्मयानंद की प्रतिक्रिया सामने आई है। उनकी बातों में संतोष से अधिक पीड़ा झलकती दिखाई दी। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के लिए उन्होंने करीब 700 करोड़ रुपये की संपत्ति सरकार को दान कर दी, लेकिन बजट के रूप में अपेक्षाकृत बहुत कम राशि आवंटित की गई। स्वामी चिन्मयानंद ने कहा कि वित्तमंत्री सुरेश कुमार खन्ना को उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर में स्वागत-सत्कार के लिए आमंत्रित किया था और पूरे सम्मान के साथ उनकी आवभगत भी की गई। इसके बावजूद बजट को लेकर निराशा हुई है। उन्होंने कहा, हमने करोड़ों रुपये की संपत्ति दे दी है। यहां पहले से ही भवन, कक्षाएं और अन्य आवश्यक इंफ्रास्ट्रक्चर मौजूद है। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि बजट कम होने के बावजूद सबसे बड़ी बात यह है कि शाहजहांपुर जिले को एक विश्वविद्यालय मिला, जो अपने आप में स्वागत योग्य कदम है। उन्होंने कहा कि यदि नया विश्वविद्यालय कहीं और बनाया जाता, तो जमीन खरीदने और भवन निर्माण में कहीं अधिक बजट लगता। स्वामी चिन्मयानंद ने कहा वैसे बजट की कोई खास जरूरत भी नहीं थी। विश्वविद्यालय की स्थापना ही अपने आप में बड़ी पहल है। अब विश्वविद्यालय सरकार को ही चलाना है। उल्लेखनीय है कि विश्वविद्यालय के लिए सरकार को दी गई इस संपत्ति को लेकर संत समाज के एक धड़े में भारी असंतोष है। इस मामले में न्यायालय में वाद भी दाखिल किया गया है, जिसको लेकर विवाद अभी भी बना हुआ है।

Current Media