लखनऊ
लखनऊ के अलीगंज स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) परिसर में 8 अप्रैल को रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। इस मेले में आईटीआई उत्तीर्ण युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर प्रदान किए जाएंगे। चयनित अभ्यर्थियों को लगभग 25,700 से 26,000 रुपये प्रतिमाह तक वेतन प्रदान किया जाएगा।
संस्थान के प्रधानाचार्य राजकुमार यादव ने बताया कि प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें प्लंबर एवं फिटर ट्रेड से आईटीआई पास युवाओं की भर्ती की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस पहल से युवाओं को निजी क्षेत्र में स्थायी रोजगार प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
प्लेसमेंट अधिकारी एम.ए. खान ने बताया कि ग्रीन गैस एजेंसी के माध्यम से 100 से 150 वर्कर्स की भर्ती का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। पहले चरण में 30 अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा, जिसमें लखनऊ के लिए 20 पद एवं आगरा के लिए 10 पद निर्धारित हैं।
रोजगार मेले के माध्यम से चयनित अभ्यर्थियों को पीएनजी कनेक्शन से संबंधित कार्यों में नियुक्त किया जाएगा। यह भर्ती विशेष रूप से प्लंबर एवं फिटर ट्रेड से आईटीआई उत्तीर्ण युवाओं के लिए आयोजित की जा रही है।
इच्छुक अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे अपने शैक्षणिक प्रमाणपत्रों एवं आवश्यक दस्तावेजों के साथ 8 अप्रैल को आईटीआई अलीगंज परिसर में आयोजित रोजगार मेले में प्रतिभाग करें और इस अवसर का लाभ उठाएं।
Current Media