Breaking News

बालिकाएं संतुलित एवं पौष्टिक आहार अपनाएं -राज्यपाल

लखनऊ । विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर आज जन भवन में प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल की प्रेरणा, मार्गदर्शन एवं गरिमामयी उपस्थिति में सीरम इंस्टिट्यूट ऑफ इंडिया, पुणे एवं जन भवन, उत्तर प्रदेश के मध्य एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। एम0ओ0यू0 पर जन भवन की ओर से विशेष कार्याधिकारी (अपर मुख्य सचिव स्तर) डॉ. सुधीर महादेव बोबडे तथा सीरम इंस्टिट्यूट ऑफ इंडिया के प्रमुख कर्नल संदीप कौशल द्वारा हस्ताक्षर किए गए।


इस एम0ओ0यू0 के अंतर्गत उत्तर प्रदेश के आठ आकांक्षी जनपद चित्रकूट, फतेहपुर, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, चंदौली एवं सोनभद्र के आदिवासी एवं जनजातीय क्षेत्रों में निवासरत 9 से 14 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को निःशुल्क एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण किया जाएगा। सर्वाइकल कैंसर उन्मूलन के उद्देश्य से संचालित इस अभियान की शुरुआत आज जन भवन, लखनऊ में जनपद बहराइच स्थित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय, बोझिया की 25 बालिकाओं को निःशुल्क एच0पी0वी0 टीकाकरण कर की गई। आगामी चरणों में प्रदेश के आठ आकांक्षी जिलों में लगभग डेढ़ लाख बालिकाओं को कुल तीन लाख डोज प्रदान किए जाएंगे।
इस अवसर पर राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने सभी सहयोगी संस्थाओं को बधाई एवं धन्यवाद देते हुए कहा कि 9 से 14 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं का समय पर टीकाकरण भविष्य में सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षा प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि कैंसर का दुष्प्रभाव पूरे परिवार को प्रभावित करता है, ऐसे में वैक्सीन निर्माण एवं निःशुल्क टीकाकरण जैसे प्रयास अत्यंत सराहनीय एवं जनहितकारी हैं।
राज्यपाल जी ने कहा कि सर्वाइकल कैंसर उन्मूलन की पहल सर्वप्रथम जन भवन द्वारा की गई थी, जिसके अंतर्गत जन भवन की बालिकाओं का टीकाकरण कराया गया तथा बाद में इसे प्रदेश स्तर पर विस्तारित किया गया। उन्होंने इस अभियान में गैर-सरकारी संगठनों की सक्रिय सहभागिता की भी सराहना की। विदित है कि राज्यपाल जी की प्रेरणा से प्रदेश भर में अबतक कुल 40 हजार बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर उन्मूलन हेतु निःशुल्क एच.पी.वी. टीकाकरण प्रदान किया जा चुका है।


राज्यपाल जी ने बालिकाओं को सशक्त, स्वस्थ एवं मानसिक रूप से प्रफुल्लित रहने का संदेश देते हुए संतुलित एवं पौष्टिक आहार अपनाने पर बल दिया। उन्होंने मिलेट्स, सब्जियों एवं दालों के अधिक उपयोग की सलाह दी तथा विद्यालयों में मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई। भोजन की नियमित निगरानी होनी चाहिए। शिक्षक स्वयं भोजन की गुणवत्ता की जाँच करें तथा वही भोजन ग्रहण करें। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित बालिकाओं को शिक्षा के प्रति निरंतर प्रयासरत रहने एवं आगे बढ़ने का संकल्प भी दिलाया।
राज्यपाल जी ने कहा कि बालिकाओं को समय-समय पर एचपीवी टीकाकरण की तीनों डोज़ अवश्य लगनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि टीकाकरण के उपरांत बालिकाओं को प्रमाण-पत्र भी अवश्य प्रदान किए जाएँ, जिससे उन्हें दूसरी और तीसरी डोज़ देने में आसानी होगी। उन्होंने कहा कि बालिकाओं का जीवन बचाना, उन्हें शिक्षा देना और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना समाज के लिए अत्यंत पुण्य का कार्य है इस अवसर पर राज्यपाल जी द्वारा विद्यालय की बालिकाओं को फल, चॉकलेट एवं बिस्किट वितरित किए गए।
कार्यक्रम के दौरान विशेष कार्याधिकारी (अपर मुख्य सचिव स्तर) डॉ. सुधीर महादेव बोबडे द्वारा कार्यक्रम की संक्षिप्त रूपरेखा प्रस्तुत की गई।
इस अवसर पर सीरम इंस्टिट्यूट ऑफ इंडिया के प्रमुख कर्नल संदीप कौशल, युवा अनस्टॉपेबल, अहमदाबाद के प्रमुख श्री ऋषि कुमार, सीरम इंस्टिट्यूट के एडिशनल डायरेक्टर श्री हिट्ट शर्मा, विशेष सचिव श्री श्रीप्रकाश गुप्ता, मुख्य विकास अधिकारी, बहराइच श्री मुकेश चंद्र, एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय, बोझिया, बहराइच की अध्यापिकाएं एवं बालिकाएं, राजभवन चिकित्सालय के चिकित्सकगण, अधिकारीगण एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

About currentmedia09@gmail.com

Check Also

यूपी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर एक अहम मीटिंग आयोजित

लखनऊ। राष्ट्रीय सामाजिक कार्यकर्ता तंजीम के कन्वीनर मुहम्मद आफ़ाक़ ने मुहम्मद अहमद (एसडीपीआई लखनऊ लोकसभा …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *