Breaking News

उत्तर प्रदेश के एनसीसी कैडेट्स प्रदेश व राष्ट्र का नाम गौरवान्वित करें -राज्यपाल

लखनऊ । उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने गणतंत्र दिवस-2026 के अवसर पर नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय गणतंत्र दिवस शिविर एवं परेड में प्रतिभाग करने वाले उत्तर प्रदेश के राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) कैडेट्स को जन भवन में आयोजित अलंकरण समारोह में सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने उत्तर प्रदेश एनसीसी कंटिजेंट का स्वागत एवं अभिनंदन किया।
राज्यपाल जी ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रीय गणतंत्र दिवस शिविर एवं परेड-2026 में उत्तर प्रदेश के एनसीसी कैडेट्स द्वारा प्रदर्शित अनुशासन, दक्षता एवं राष्ट्रनिष्ठा अत्यंत सराहनीय है और इससे प्रदेश की गौरवशाली पहचान राष्ट्रीय स्तर पर और सुदृढ़ हुई है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए सभी कैडेट्स को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।


उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय कैडेट कोर राष्ट्र निर्माण की एक सशक्त पाठशाला है, जहाँ एकता, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा, परिश्रम, समर्पण एवं टीमवर्क जैसे मूल्यों का विकास होता है। एनसीसी कैडेट्स आपदा प्रबंधन, समाज सेवा अभियानों एवं विभिन्न सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता के माध्यम से देश सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करते हैं।
राज्यपाल जी ने ‘एकता और अनुशासन’ को एनसीसी का मूल मंत्र बताते हुए कहा कि पुनीत सागर अभियान, स्वच्छता अभियान, रक्तदान, पौधारोपण, वीर नारी सम्मान एवं आपदा प्रबंधन जैसे अभियानों में कैडेट्स की सक्रिय भूमिका प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के ‘विकसित भारत-2047’ के संकल्प को साकार करने में युवाओं की भूमिका सर्वाधिक महत्वपूर्ण है। युवाओं की ऊर्जा, नवाचार एवं संकल्प भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में निर्णायक सिद्ध होंगे।
राज्यपाल जी ने हाल ही में प्रस्तुत केंद्रीय बजट का उल्लेख करते हुए कहा कि यह बजट आर्थिक स्थिरता, सामाजिक सशक्तिकरण एवं युवा आकांक्षाओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। बायो-फार्मा शक्ति मिशन, सेमीकंडक्टर मिशन 2.0, एमएसएमई, टेक्सटाइल, मेडिकल हब्स, खेलो इंडिया मिशन, महिला स्वयं सहायता समूहों के सशक्तिकरण, एवीजीसी कंटेंट निर्माण लैब तथा हरित एवं सतत परिवहन जैसी पहलें युवाओं के लिए नए अवसर सृजित करेंगी।
राज्यपाल जी कहा कि भारत आज वैश्विक मंच पर एक सशक्त, आत्मनिर्भर एवं विश्वसनीय राष्ट्र के रूप में उभर रहा है। बढ़ता प्रत्यक्ष विदेशी निवेश, ‘मेक इन इंडिया’ अभियान और अंतरराष्ट्रीय व्यापार समझौते युवाओं के लिए रोजगार एवं उद्यमिता के व्यापक अवसर प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उत्तर प्रदेश के एनसीसी कैडेट्स भविष्य में भी अपने उत्कृष्ट आचरण, सेवा भावना एवं कर्मठता से न केवल प्रदेश, बल्कि राष्ट्र का नाम गौरवान्वित करते रहेंगे।


इस अवसर पर राम भजन, गंगा भजन, सूफी संगीत एवं कथक नृत्य पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुतियाँ दी गईं। राज्यपाल जी ने सभी प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि कार्यक्रमों का चयन अत्यंत सराहनीय है तथा सभी प्रस्तुतियाँ बधाई की पात्र हैं, जिन्होंने भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों एवं अनुशासन का सुंदर संदेश दिया। उन्होंने कैडेट्स से कहा कि आज माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का ‘परीक्षा पर चर्चा’ कार्यक्रम प्रसारित हुआ है, जिसे सभी को अवश्य देखना एवं उससे सीख लेनी चाहिए। राज्यपाल जी ने नई दिल्ली में आयोजित एनसीसी के परेड का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने उसे टी0वी पर देखा था और वह अत्यंत प्रभावशाली रहा। उन्होंने कैडेट्स को निरंतर सीखते रहने, जीवन भर ज्ञान अर्जन करने तथा समाज के प्रति सहयोग एवं सेवा की भावना बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर एनसीसी, उत्तर प्रदेश के अपर महानिदेशक मेजर जनरल गौरव गौतम सहित वरिष्ठ अधिकारीगण, एएनओ, पीआई स्टाफ, गणमान्य अतिथि एवं अन्य महानुभाव उपस्थित रहे।

About currentmedia09@gmail.com

Check Also

कांग्रेसजनों की अजय राय की अपमानजनक तस्वीर सोशल मीडिया पर डालने के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने की मांग

लखनऊ । बीते दो दिन पूर्व सरोजनी नगर के भाजपा पोषित अवांछनीय तत्वों द्वारा प्रदेश …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *