लखनऊ । प्रदेश की राज्यपाल एवं राज्य विश्वविद्यालयों की कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल की अध्यक्षता में आज जन भवन स्थित गांधी सभागार में ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय के कुलपति एवं अन्य अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों द्वारा अपने-अपने क्षेत्र से संबंधित विस्तृत प्रस्तुतिकरण दिया गया।

प्रस्तुतीकरण के दौरान विश्वविद्यालय के प्रशासन, वित्तीय स्थिति, निर्माण कार्यों की प्रगति, प्रवेश प्रक्रिया, शिक्षण एवं गैर-शिक्षण पदों की स्थिति की समीक्षा की गई। साथ ही वाणिज्य, फार्मेसी, इंजीनियरिंग एवं प्रौद्योगिकी, विधि, सामाजिक विज्ञान, कला एवं मानविकी तथा विज्ञान संकायों की शैक्षणिक गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में छात्रावास सुविधाएं, छात्र कल्याण (बालक एवं बालिका), नवाचार एवं इन्क्यूबेशन, विभिन्न शोध पीठों, संग्रहालय, आर्ट गैलरी, समझौता ज्ञापन (एमओयू) एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। इसके अतिरिक्त एनएसएस/एनसीसी के अंतर्गत विस्तार गतिविधियां, सांस्कृतिक एवं खेल गतिविधियां, प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट सेल की कार्यप्रणाली पर भी विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई।
राज्यपाल जी ने सामाजिक संवेदनशीलता एवं सेवा भाव के महत्व को रेखांकित करते हुए विभिन्न उदाहरण प्रस्तुत किए। उन्होंने कहा कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए सभी का सामूहिक प्रयास आवश्यक है। उन्होंने निर्देश दिया कि रोजगार मेलों के माध्यम से चयनित विद्यार्थियों को पूर्ण एवं नियमित वेतन प्राप्त हो, इस पर भी विश्वविद्यालय स्तर पर सतत निगरानी रखी जाए, ताकि विद्यार्थियों के हितों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री उच्च शिक्षा, श्रीमती रजनी तिवारी ने कहा कि राज्यपाल जी के मार्गदर्शन में विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय निरंतर बेहतर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्यपाल जी से प्राप्त दिशा-निर्देशों से सभी को उत्कृष्ट कार्य करने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने आश्वस्त किया कि इसी प्रकार मार्गदर्शन प्राप्त होता रहा तो उच्च शिक्षा के क्षेत्र में और अधिक प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य किए जाते रहेंगे, जिससे प्रदेश के विद्यार्थियों को निरंतर लाभ प्राप्त होगा।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर अजय तनेजा ने आश्वस्त किया कि राज्यपाल जी द्वारा प्राप्त सभी मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देशों का पूर्णतः पालन सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इन निर्देशों के अनुरूप कार्य करते हुए विश्वविद्यालय एवं उससे संबद्ध महाविद्यालयों को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रगतिशील बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।
इस अवसर पर विशेष कार्याधिकारी(अपर मुख्य सचिव स्तर) श्री राज्यपाल, डॉ० सुधीर महादेव बोबडेे, विशेष कार्याधिकारी (शिक्षा) डॉ० पंकज एल0 जानी, विश्वविद्यालय के अधिकारीगण, राजभवन के अधिकारी एवं कर्मचारी सहित अन्य महानुभाव उपस्थित रहे।
Current Media