Breaking News

राज्यपाल ने अगथला स्थित बायो-सीएनजी प्लांट का भी किया अवलोकन

लखनऊ :         प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने अपने गुजरात प्रवास के दौरान दिनांक 15 फरवरी, 2026 को पालनपुर स्थित एशिया की प्रमुख दुग्ध उत्पादक सहकारी संस्था बनास डेयरी का भ्रमण किया। इस अवसर पर कृषि एवं पशुपालन से संबंधित उत्तर प्रदेश के पाँच राज्य विश्वविद्यालयों एवं बनास डेयरी के मध्य विविध विषयों पर समझौता ज्ञापन हस्ताक्षरित हुए।
राज्यपाल जी द्वारा बनास डेयरी, पालनपुर भ्रमण के दौरान उत्तर प्रदेश राज्य के कृषि विश्वविद्यालयों के कुलपतिगण एवं बनास डेयरी के पदाधिकारियों के मध्य सहकारिता मॉडल के माध्यम से कृषि, डेयरी एवं पशुपालन क्षेत्रों में संभावित साझेदारी, प्रशिक्षण, शोध एवं तकनीकी आदान-प्रदान को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। यह भी विचार-विमर्श किया गया कि किस प्रकार उत्तर प्रदेश के विश्वविद्यालय बनास डेयरी के सफल सहकारी मॉडल से जुड़कर किसानों एवं पशुपालकों को सशक्त बना सकते हैं।
राज्यपाल जी द्वारा बनास डेयरी के सणादर स्थित प्लांट का भी भ्रमण किया गया, जहाँ उत्तर प्रदेश के पाँच राज्य विश्वविद्यालयों, आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कुमारगंज, अयोध्या, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मेरठ, पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय एवं गो-अनुसंधान संस्थान, मथुरा, बांदा कृषि विश्वविद्यालय, बांदा एवं बनास डेयरी के मध्य डेयरी, एनिमल हसबेंडरी, कृषि, प्रशिक्षण एवं शोध विषयों पर समझौता ज्ञापन (एमओयू) हस्ताक्षरित हुआ।

राज्यपाल जी ने डेयरी परिसर स्थित चीज प्लांट का अवलोकन किया तथा बदरपुर फूड पार्क में संचालित ‘टेक होम राशन’ योजना की जानकारी प्राप्त की। उल्लेखनीय है कि इस योजना का शुभारंभ उनके गुजरात के मुख्यमंत्री कार्यकाल में किया गया था। इस योजना के माध्यम से आंगनबाड़ी केन्द्रों द्वारा बच्चों एवं महिलाओं को पौष्टिक आहार उपलब्ध कराया जाता है।
इस अवसर पर राज्यपाल जी ने चदोतार स्थित एक विद्यालय का भी भ्रमण किया। तत्पश्चात अगथला स्थित बायो-सीएनजी प्लांट का अवलोकन किया, जहाँ किसानों से गोबर क्रय कर बायो-सीएनजी गैस के साथ-साथ ऑर्गेनिक ठोस एवं द्रव उर्वरक का निर्माण किया जाता है, जो यूरिया एवं डीएपी के प्रभावी विकल्प के रूप में किसानों के लिए उपयोगी सिद्ध हो सकता है। राज्यपाल जी द्वारा बनास डेयरी परिसर स्थित दूधेश्वर महादेव मन्दिर का दर्शन कर प्रदेश एवं देशवासियों की सुख, समृद्धि की कामना की गई।
इस अवसर पर उन्होंने पशुपालन एवं दुग्ध उत्पादन से जुड़ी लगभग 100 महिला कर्मियों से संवाद कर उनके कार्य, सुविधाओं एवं आर्थिक सशक्तिकरण के संबंध में जानकारी प्राप्त की। भ्रमण के दौरान राज्यपाल जी ने बनास डेयरी के आइसक्रीम एवं चॉकलेट प्लांट का भी अवलोकन किया। इसके उपरांत रैया स्थित एंब्रियो ट्रांसप्लांट लैब का निरीक्षण किया, जहाँ उन्नत एंब्रियो तकनीक के माध्यम से उच्च नस्ल की दुधारू गायों के संवर्धन एवं उत्पादन क्षमता में वृद्धि की प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली।
इस अवसर पर विशेष कार्याधिकारी, श्री राज्यपाल (अपर मुख्य सचिव स्तर) डॉ0 सुधीर महादेव बोबडे, बनासकंठा जिला सहकारी दुग्ध संघ पालनपुर के अध्यक्ष श्री शंकर चौधरी, उत्तर प्रदेश राज्य कृषि विश्वविद्यालयों के कुलपतिगण सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

About currentmedia09@gmail.com

Currentmedia.in राष्ट्रीय स्तर पर तेजी से बढ़ती हुई हिंदी समाचार वेबासाइट है। वेबसाइट में ब्यूरोक्रेसी में ताजा घटनाक्रम, देश और समाज के लिए अमूल्य योगदान देने वाले व अपने कार्यो के दम पर अपनी पहचान बनाने वाले आइएएस और आइपीएस अधिकारियों व डॉक्टरो, कानून के जानकारों की रोचक स्टोरी के साथ उनके जीवन संघर्षो पर आधारित निष्पक्ष लेख पाठक को मिलेंगे। वेबसाइट में अन्य क्षेत्रों के भी विश्वसनीय, प्रमाणिक और निष्पक्ष समाचार पाठक वर्ग के लिए उपलब्ध रहेगा, इसके लिए वेबसाइट की ऑनलाइन संपादकीय टीम हर रोज विस्तृत कंटेट अपडेट करती रहेगी। संपादकीय टीम की कोशिश यही रहेगी की न्यूज कंटेट को लेकर पाठक वर्ग को किसी तरह की निराशा हाथ न लगे। साइट 24 घंटे प्रयोग में रहेगी।

Check Also

यूपी के वित्त मंत्री ने दस्तक अभियान का किया शुभारंभ

शाहजहांपुर । मुबारक अली । उत्तर प्रदेश सरकार के वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने …