Breaking News

बच्चों की रुचि एवं क्षमता के अनुसार उनका सर्वांगीण विकास करें -राज्यपाल

लखनऊ : 01 अप्रैल, 2026

प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल की प्रेरणा एवं गरिमामयी उपस्थिति में आदर्श माध्यमिक विद्यालय, जन भवन में शैक्षिक सत्र 2026-27 के अंतर्गत पूर्व से अध्ययनरत एवं नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए आज ‘प्रवेश उत्सव‘ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा बैंड की स्वागत धुन प्रस्तुत कर राज्यपाल जी के अभिनंदन के साथ हुआ। तत्पश्चात राज्यपाल जी विद्यार्थियों के साथ विद्यालय पहुंचीं, जहां तिलक एवं स्वागत के उपरांत सभी ने स्थान ग्रहण किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा “मनुष्य तू बड़ा महान है” प्रार्थना प्रस्तुत की गई। साथ ही कंप्यूटर प्रकोष्ठ द्वारा विद्यालय में प्रवेश हेतु आयोजित नामांकन शिविरों पर आधारित एक डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन किया गया।


अपने संबोधन में राज्यपाल जी ने विद्यार्थियों को नियमित रूप से विद्यालय आने, अनुशासित जीवन जीने तथा एक अच्छे व्यक्ति बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जब मैदान में हों, तो खेल गतिविधियों और जब कक्षा में हों, तो पढ़ाई में ध्यान देना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से उनके भविष्य के सपनों के बारे में संवाद किया। किसी ने फौजी तो किसी ने डॉक्टर, कोई शिक्षक तो कोई वकील, तो किसी ने पुलिस बनने की इच्छा व्यक्त की। राज्यपाल जी ने कहा कि फौजी बनने के लिए पढ़ाई के साथ-साथ खेल-कूद भी जरूरी है। शरीर मजबूत होना चाहिए, रोज दौड़ना चाहिए। जो डॉक्टर बनना चाहते हैं, उन्हें गणित, विज्ञान, जीव विज्ञान आदि विषयों पर ध्यान देना चाहिए। जो वकील बनना चाहते हैं उन्हें भाषा पर प्रभुत्व होना चाहिए।
राज्यपाल जी ने अभिभावकों से संवाद करते हुए उन्हें बच्चों की शिक्षा में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही गरीबी से बाहर निकलने का सशक्त माध्यम है और जीवन में कोई शॉर्टकट नहीं होता। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को नियमित विद्यालय भेजने, उनकी प्रगति पर ध्यान देने, पीटीएम में भाग लेने तथा बच्चों के साथ सकारात्मक संवाद बनाए रखने की अपील की।
उन्होंने बच्चों की रुचि एवं क्षमता के अनुसार उनके सर्वांगीण विकास पर बल देते हुए कहा कि अभिभावकों और शिक्षकों का यह दायित्व है कि बच्चों की रूचि एवं क्षमता के अनुसार उन्हें तैयार करें। विद्यालय में उपलब्ध संगीत, नाटक, पेंटिंग आदि गतिविधियों के माध्यम से भी बच्चों को आगे बढ़ाया जा सकता है। साथ ही उन्होंने अनुशासन, समयबद्धता एवं अच्छे संस्कारों के महत्व को रेखांकित किया तथा हैंडराइटिंग पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी।
कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल जी ने विद्यालय के प्रत्येक कक्षा का भ्रमण कर विद्यार्थियों से संवाद किया और उन्हें नियमित अध्ययन के लिए प्रेरित किया। उन्होंने आंगनबाड़ी कक्ष का निरीक्षण किया तथा मध्याह्न भोजन की व्यवस्था का भी अवलोकन किया।

इस अवसर पर विशेष सचिव श्री प्रकाश गुप्ता ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए विद्यालय की विशेषताओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने शिक्षा की महत्ता बताते हुए कहा कि यदि कोई बच्चा एक अच्छा व्यक्तित्व और जिम्मेदार नागरिक बनना चाहता है तथा देश और समाज के लिए उल्लेखनीय कार्य करना चाहता है, तो उसके लिए शिक्षा और स्वास्थ्य दोनों ही अत्यंत आवश्यक हैं।
उन्होंने कहा कि बच्चे हमारे देश का भविष्य हैं और यदि ये नौनिहाल शैक्षिक एवं सांस्कृतिक रूप से सशक्त बनेंगे, तभी राष्ट्र सशक्त बनेगा। उन्होंने माननीय प्रधानमंत्री जी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि इस लक्ष्य की प्राप्ति में शिक्षित और स्वस्थ समाज की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
विशेष सचिव ने आगे कहा कि अच्छी शिक्षा और उचित मार्गदर्शन से ही जीवन के लक्ष्यों को प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने प्रदेश की राज्यपाल जी के शिक्षा के प्रति समर्पण और गंभीरता को प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि उनकी प्रेरणा से ही इस विद्यालय की स्थापना संभव हो सकी है।
विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती रश्मि पांडे ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए इसे एक विशिष्ट अवसर बताया। प्रधानाचार्य श्रीमती अनुपमा मंडल ने शिक्षा को बच्चों के सर्वांगीण विकास का आधार बताया।
कार्यक्रम में कक्षा 06 की छात्रा सोनाक्षी एवं कक्षा 09 की छात्रा नव्या गुप्ता ने विद्यालय की विशेषताओं पर अपने विचार व्यक्त किए।
इस अवसर पर विशेष कार्याधिकारी (शिक्षा) डॉ. पंकज एल. जानी, विशेष कार्याधिकारी श्री अशोक देसाई, जन भवन के अधिकारी एवं कर्मचारीगण, विद्यालय के शिक्षक तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं अभिभावकगण उपस्थित रहे।

About CURRENT MEDIA

Currentmedia.in राष्ट्रीय स्तर पर तेजी से बढ़ती हुई हिंदी समाचार वेबासाइट है। वेबसाइट में ब्यूरोक्रेसी में ताजा घटनाक्रम, देश और समाज के लिए अमूल्य योगदान देने वाले व अपने कार्यो के दम पर अपनी पहचान बनाने वाले आइएएस और आइपीएस अधिकारियों व डॉक्टरो, कानून के जानकारों की रोचक स्टोरी के साथ उनके जीवन संघर्षो पर आधारित निष्पक्ष लेख पाठक को मिलेंगे। वेबसाइट में अन्य क्षेत्रों के भी विश्वसनीय, प्रमाणिक और निष्पक्ष समाचार पाठक वर्ग के लिए उपलब्ध रहेगा, इसके लिए वेबसाइट की ऑनलाइन संपादकीय टीम हर रोज विस्तृत कंटेट अपडेट करती रहेगी। संपादकीय टीम की कोशिश यही रहेगी की न्यूज कंटेट को लेकर पाठक वर्ग को किसी तरह की निराशा हाथ न लगे। साइट 24 घंटे प्रयोग में रहेगी।

Check Also

देशभक्ति और पर्यटन का नया प्रतीक बनेगा नौसेना शौर्य संग्रहालय- जयवीर सिंह

लखनऊ: लखनऊ के आईटी सिटी क्षेत्र में बन रहे नौसेना शौर्य संग्रहालय का निर्माण कार्य …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *