झांसी। राशिद पठान । झांसी में बुन्देलखण्ड विश्वविद्यालय से संबद्ध बुन्देलखण्ड महाविद्यालय के विधि विभाग में एलएलबी प्रथम वर्ष में प्रवेश को लेकर एक छात्र ने विभागाध्यक्ष सहित अन्य लोगों पर रिश्वत मांगने, मारपीट करने और प्रवेश से वंचित करने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले की शिकायत थाना नवाबाद में की गई है।
थाना नवाबाद क्षेत्र के कचहरी जेल चौराहा निवासी शिकायतकर्ता अनुज सिंह के अनुसार उन्होंने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बुन्देलखण्ड विश्वविद्यालय की प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण की थी। चयन होने के बाद उन्हें सुबह 11-30 बजे बुन्देलखण्ड महाविद्यालय के विधि विभाग में एलएलबी प्रथम वर्ष में प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने के लिए बुलाया गया था।
अनुज सिंह का आरोप है कि वे सभी आवश्यक दस्तावेज लेकर विधि विभाग पहुंचे और विभागाध्यक्ष एल.सी. साहू से प्रवेश की अनुमति मांगी, लेकिन उन्हें कई बार यह कहकर टाल दिया गया कि देखते हैं। बाद में विभागाध्यक्ष ने कहा कि उनका प्रवेश हो जाएगा, लेकिन इसके लिए शाम 5 बजे अलग से बात करनी होगी।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि जब छात्र ने उसी समय बातचीत करने का आग्रह किया, तो विभागाध्यक्ष ने 5,000 रुपये सुविधा शुल्क (रिश्वत) की मांग की और कहा कि यदि पैसे नहीं दिए गए तो एलएलबी प्रथम वर्ष में प्रवेश नहीं होगा।
अनुज सिंह का कहना है कि उन्होंने रिश्वत देने से इनकार कर दिया। इसके बाद विभागाध्यक्ष विभाग के कर्मचारीव 8-10 अन्य लोगों ने उनके साथ मारपीट की, उनका कॉलर पकड़कर धक्का दिया, दस्तावेज फेंक दिए और उन्हें विभाग से बाहर निकाल दिया।
शिकायतकर्ता के अनुसार घटना के समय उनके मित्र रतन भी मौके पर मौजूद थे और उन्होंने पूरी घटना देखी।
घटना के बाद छात्र ने तत्काल डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। उनका आरोप है कि पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
पीड़ित छात्र ने थाना नवाबाद प्रभारी को दिए गए प्रार्थना-पत्र में विभागाध्यक्ष एवं अन्य आरोपितों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने तथा उन्हें एलएलबी प्रथम वर्ष में नियमानुसार प्रवेश दिलाने की मांग की है।
Current Media 