Breaking News

वेलनेस सिटी के लिए लैंड पूलिंग के माध्यम से हुआ पहला एग्रीमेंट

लखनऊ । एलडीए सुल्तानपुर रोड पर अपनी नयी आवासीय योजना ‘वेलनेस सिटी’ लांच करने जा रहा है। इसके लिए जमीन जुटाने की प्रक्रिया शुरू हो गयी है। शुक्रवार को प्राधिकरण ने एक भू-स्वामी के साथ लैंड पूलिंग के माध्यम से भूमि जुटाव का पहला एग्रीमेंट साइन किया। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने भू-स्वामी को कार्यालय में बुलाकर एग्रीमेंट डीड सौंपी।

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि सुल्तानपुर रोड तथा किसान पथ के पास लगभग 1197.98 एकड़ क्षेत्रफल में वेलनेस सिटी विकसित की जाएगी। जिसके लिए ग्राम-बक्कास, मलूकपुर ढ़कवा, चौरहिया, चौरासी, दुलारमऊ, नूरपुर बेहटा तथा मस्तेमऊ की जमीन ली जाएगी। योजना को मेडी सिटी के रूप में विकसित किया जाएगा, जहां सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल, मेडिकल कॉलेज, डायग्नोस्टिक सेंटर के साथ विपासना केन्द्र व मेडिटेशन सेंटर आदि होंगे। इसके अलावा शहर के व्यस्ततम बाजार में शुमार अमीनाबाद मेडीसिन मार्केट को भी वेलनेस सिटी में स्थानांतरित करने का प्रावधान किया गया है, जिसके लिए अलग से भूखण्ड नियोजित किये जाएंगे।

पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से महज 0.5 किलोमीटर की दूरी पर प्रस्तावित इस योजना में ट्रैफिक निर्बाद्ध रूप से संचालित हो, इसके लिए 60 मीटर से 24 मीटर चौड़ी सड़कें विकसित की जाएंगी। योजना में कुल सात सेक्टर बनाये जाएंगे, जिनमें 112.5 वर्गमीटर से 450 वर्गमीटर क्षेत्रफल के 3,000 से अधिक आवासीय भूखण्डों के अलावा ग्रुप हाउसिंग व व्यावसायिक उपयोग के बड़े भूखण्ड भी सृजित किये जाएंगे।

चौरासी गांव के भू-सवामी से पहला एग्रीमेंट
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि योजना के लिए जमीन जुटाने का कार्य प्राधिकरण बोर्ड के निर्णय के अनुसार लैंड पूलिंग, भूमि अर्जन, आपसी सहमति से क्रय करने के आधार पर किया जा रहा है। इस क्रम में शुक्रवार को चौरासी गांव के भू-स्वामी देवांग रस्तोगी के साथ लैंड पूलिंग नीति के माध्यम से पहला एग्रीमेंट साइन किया गया। एग्रीमेंट के तहत देवांग ने अपनी शत प्रतिशत डेढ़ एकड़ भूमि योजना के लिए निःशुल्क दी है। लैंड पूलिंग नीति के तहत उन्हें उक्त भूमि का 25 प्रतिशत हिस्सा विकसित आवासीय भूखण्ड के रूप में निःशुल्क दिया जाएगा।

एलडीए ने अवैध प्लाटिंग का किया सफाया
संयुक्त सचिव सुशील प्रताप सिंह ने बताया कि वेलनेस सिटी की तरह 1696.77 एकड़ क्षेत्रफल में प्रस्तावित प्राधिकरण की आई0टी0 सिटी योजना के लिए भी लैंड पूलिंग के प्रस्ताव आने लगे हैं। इन दोनों योजनाओं के लिए लैंड पूलिंग के माध्यम से निःशुल्क जमीन देने के लिए अब तक 27 भू-स्वामियों के आवेदन आ चुके हैं, जिससे लगभग 390 बीघा जमीन प्राप्त हो जाएगी। जल्द ही इन भू-स्वामियों के साथ एग्रीमेंट साइन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि दोनों आवासीय योजनाओं मेें जो भी गांव आ रहे हैं, उनमें पूर्व से चल रही अवैध प्लाटिंग का सफाया किया जा रहा है। इसके लिए उपाध्यक्ष के निर्देशानुसार प्रवर्तन जोन-1 एवं जोन-2 की टीम क्षेत्र में लगातार अभियान चला रही है। इस क्रम में अभी तक कुल 38 अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया जा चुका है।

About currentmedia09@gmail.com

Currentmedia.in राष्ट्रीय स्तर पर तेजी से बढ़ती हुई हिंदी समाचार वेबासाइट है। वेबसाइट में ब्यूरोक्रेसी में ताजा घटनाक्रम, देश और समाज के लिए अमूल्य योगदान देने वाले व अपने कार्यो के दम पर अपनी पहचान बनाने वाले आइएएस और आइपीएस अधिकारियों व डॉक्टरो, कानून के जानकारों की रोचक स्टोरी के साथ उनके जीवन संघर्षो पर आधारित निष्पक्ष लेख पाठक को मिलेंगे। वेबसाइट में अन्य क्षेत्रों के भी विश्वसनीय, प्रमाणिक और निष्पक्ष समाचार पाठक वर्ग के लिए उपलब्ध रहेगा, इसके लिए वेबसाइट की ऑनलाइन संपादकीय टीम हर रोज विस्तृत कंटेट अपडेट करती रहेगी। संपादकीय टीम की कोशिश यही रहेगी की न्यूज कंटेट को लेकर पाठक वर्ग को किसी तरह की निराशा हाथ न लगे। साइट 24 घंटे प्रयोग में रहेगी।

Check Also

बाबासाहेब के आदर्शों से सशक्त हो रहा भारत- केशव प्रसाद मौर्य

लखनऊ । उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने बुधवार को शिक्षा …