Breaking News

अंटा चौराहा से बांस मंडी तक 35 करोड से बनेगी ग्रीन रोड

शाहजहांपुर। मो0आफाक। शाहजहांपुर के यातायात को सुगम बनाने और सौंदर्यीकरण को बढ़ावा देने के लिए अंटा चौराहा से केरूगंज बांस मंडी तक ग्रीन रोड के निर्माण को शासन से मंजूरी मिल गई है। मुख्यमंत्री ग्रिड योजना के तहत करीब 35 करोड़ रुपये की लागत से लगभग 2.5 किलोमीटर लंबी सड़क बनाई जाएगी।
इसके निर्माण से हनुमंत धाम आने-जाने वाले श्रद्धालुओं के साथ शहरवासियों को भी जाम और जर्जर सड़क से राहत मिलेगी। परियोजना के तहत सड़क का निर्माण आधुनिक मानकों के अनुरूप किया जाएगा। दोनों ओर एक से दो मीटर चौड़े फुटपाथ बनाए जाएंगे।
इसके अलावा भूमिगत यूटिलिटी डक्ट के माध्यम से सीवर लाइन, पेयजल पाइपलाइन, बिजली और इंटरनेट केबल बिछाई जाएंगी, जिससे भविष्य में बार-बार सड़क खोदने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। सड़क किनारे पौधरोपण और आकर्षक एलईडी लाइटें भी लगाई जाएंगी। हालांकि परियोजना के सामने सबसे बड़ी चुनौती अंटा चौराहा से बांस मंडी तक फैला अतिक्रमण है।
कई स्थानों पर सड़क संकरी होने के साथ मार्ग में बने मकान और मैरिज लॉन निर्माण कार्य में बाधा बन रहे हैं। ऐसे में नगर निगम को निर्माण शुरू करने से पहले विशेष अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाना होगा। नगर निगम ने ग्रीन रोड निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पूरी होते ही निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा। परियोजना पूरी होने के बाद इस मार्ग पर यातायात व्यवस्था बेहतर होगी, हनुमत धाम तक पहुंचना आसान होगा और शहर के सौंदर्यीकरण के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।

About CURRENT MEDIA

Currentmedia.in राष्ट्रीय स्तर पर तेजी से बढ़ती हुई हिंदी समाचार वेबासाइट है। वेबसाइट में ब्यूरोक्रेसी में ताजा घटनाक्रम, देश और समाज के लिए अमूल्य योगदान देने वाले व अपने कार्यो के दम पर अपनी पहचान बनाने वाले आइएएस और आइपीएस अधिकारियों व डॉक्टरो, कानून के जानकारों की रोचक स्टोरी के साथ उनके जीवन संघर्षो पर आधारित निष्पक्ष लेख पाठक को मिलेंगे। वेबसाइट में अन्य क्षेत्रों के भी विश्वसनीय, प्रमाणिक और निष्पक्ष समाचार पाठक वर्ग के लिए उपलब्ध रहेगा, इसके लिए वेबसाइट की ऑनलाइन संपादकीय टीम हर रोज विस्तृत कंटेट अपडेट करती रहेगी। संपादकीय टीम की कोशिश यही रहेगी की न्यूज कंटेट को लेकर पाठक वर्ग को किसी तरह की निराशा हाथ न लगे। साइट 24 घंटे प्रयोग में रहेगी।

Check Also

24 घंटे में सोलर पैनल चोरी मामले में 3 आरोपी गिरफ्तार

शाहजहांपुर। मो0आफाक । यूपी थाना मदनापुर पुलिस ने सोलर पैनल चोरी करने वाले गिरोह का …