एनसीसी कैडेट्स द्वारा “हर घर तिरंगा” यात्रा का आयोजन

लखनऊ। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में मुमताज़ पीजी कॉलेज में “हर घर तिरंगा” कार्यक्रम के अंतर्गत एक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। इस यात्रा का नेतृत्व महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर नसीम अहमद खान तथा महाविद्यालय एनसीसी के ए.एन.ओ लेफ्टिनेंट ज़ेड एच अल्वी ने किया। यात्रा में कॉलेज के सभी शैक्षणिक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में एनसीसी कैडेट्स एवं छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
यात्रा की शुरुआत महाविद्यालय प्रांगण से हुई, जहाँ प्राचार्य प्रो. नसीम अहमद खान ने स्वतंत्रता संग्राम के वीर सपूतों के बलिदान और त्याग को जन-जन तक पहुँचाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि तिरंगा हमारे राष्ट्र की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है, और इस यात्रा का उद्देश्य हर नागरिक के हृदय में देशभक्ति की भावना को जागृत करना है।
यात्रा के दौरान प्राचार्य स्वयं तिरंगे के साथ सबसे आगे रहे, जबकि डॉ. ज़ेड एच अल्वी ने कैडेट्स का नेतृत्व करते हुए रैली की अगुवानी की। लेफ्टिनेंट अल्वी ने कैडेट्स को सम्बोधित किया। उन्होंने देश की गरिमा और सेना की भूमिका के बारे में समझाते हुए देश प्रथम की बात को प्रमुख व शिरोधार्य बताया। यात्रा के दौरान पूरा मार्ग एवं वातावरण “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम” और “जय हिंद” के नारों से देशभक्ति के रंग में रंग गया। इस अवसर पर कॉलेज के शिक्षकों और कर्मचारियों ने भी तिरंगा थामकर यात्रा में भाग लिया, जिससे यह कार्यक्रम केवल एनसीसी कैडेट्स तक सीमित न रहकर एक सामूहिक राष्ट्रीय चेतना का प्रतीक बन गया।
यात्रा का समापन पुनः महाविद्यालय परिसर में हुआ, जहाँ राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ। सभी प्रतिभागियों में देश के प्रति समर्पण और गर्व की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही थी।

About currentmedia09@gmail.com

Check Also

आयतुल्ला अली खामेनेई के निधन की खबर पर शिया समुदाय ने निकाला कैंडल मार्च

शाहजहांपुर। मो0आफाक। ईरान के सर्वाेच्च नेता आयतुल्ला अली खामेनेई के निधन की खबर के बाद …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *