शाहजहांपुर। मो0आफाक। टीचर फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रांतीय महामंत्री संजय सिंह ने कहा कि शिक्षा का अधिकार अधिनियम-2009 लागू होने से पूर्व नियुक्त शिक्षकों पर टीईटी अनिवार्यता थोपना पूरी तरह अन्यायपूर्ण और अव्यवहारिक है। इसको लेकर देशभर के लाखों शिक्षक 4 अप्रैल को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में विशाल विरोध प्रदर्शन करेंगे। महानगर के टाउनहॉल स्थित एक रेस्टोरेंट में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने बताया कि प्रस्तावित प्रदर्शन की अनुमति दिल्ली प्रशासन द्वारा प्रदान कर दी गई है।
जनपद शाहजहांपुर से दो हजार से अधिक शिक्षक-शिक्षिकाएं इसमें प्रतिभाग करेंगे। प्रत्येक विकासखंड से कम से कम एक बस भेजने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि भारत सरकार द्वारा 23 अगस्त 2010 को जारी अधिसूचना में शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) को अनिवार्य किया गया था, लेकिन उससे पूर्व नियुक्त शिक्षकों को इससे छूट दी गई थी।
विभिन्न राज्यों में शिक्षा का अधिकार अधिनियम अलग-अलग समय पर लागू हुआ, ऐसे में पूर्व नियुक्त शिक्षकों को भी इस अनिवार्यता से मुक्त किया जाना चाहिए। संजय सिंह ने बताया कि उच्चतम न्यायालय के एक सितंबर 2025 के आदेश के प्रभाव से देशभर के लगभग 20 लाख शिक्षक प्रभावित हो रहे हैं।
निर्धारित समय सीमा में टीईटी उत्तीर्ण न करने की स्थिति में सेवा से पृथक किए जाने की आशंका बनी हुई है, जो अत्यंत गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को लेकर संगठन द्वारा लगातार प्रयास किए गए हैं। सांसदों के माध्यम से ज्ञापन, जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन और शिक्षा मंत्री से वार्ता के बावजूद अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही कानून बनाकर पूर्व नियुक्त शिक्षकों को टीईटी से छूट नहीं दी गई, तो 4 अप्रैल को रामलीला मैदान में व्यापक आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने शिक्षकों से आह्वान किया कि अपने अधिकारों की रक्षा के लिए अधिक से अधिक संख्या में दिल्ली पहुंचकर आंदोलन को सफल बनाएं।
संगठन पदाधिकारियों को भी अपने-अपने क्षेत्रों से अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। मुनीश मिश्र, रविन्द्र पाल प्रजापति, राजकुमार तिवारी, ब्रजेश कुमार वर्मा, राजकुमार सिंह, सरताज अली, यशपाल सिंह, डॉ. विनय गुप्ता, विजय प्रताप सिंह, महेन्द्र सिंह, अरुण भदौरिया, अश्विनी अवस्थी, अरविंद त्रिपाठी, अरविंद गौतम, देवेन्द्र सिंह कुशवाहा, धर्मेंद्र सिंह, अरविंद सिंह, आदेश सिंह, कौशलेंद्र भदौरिया, धर्मवीर सिंह, प्रद्युम्न सिंह, अवनीश यादव, आनंद बिहारी वाजपेई, राकेश रोशन, पंकज पांडेय, विनोद सिंह, प्रमोद सिंह, अनंक पाल, आशुतोष मिश्र, जुबैर आलम, राजकुमार, बबिता श्रीवास्तव, नीरज सागर सहित अन्य शिक्षक शमिल हैं।
Current Media