ल्खनऊ। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार जनता के अधिकारों को छीन रही है। लोकतंत्र में जनता के अधिकारों को छीनने वाली इतनी खराब सरकार कभी नहीं आयी। भाजपा सरकार हमारे कार्यक्रमों से क्यों घबरा रही है।
श्री यादव ने बताया कि समाजवादी पार्टी के बुलंदशहर पार्टी संगठन ने एक कार्यक्रम तय किया था। पहले तो अधिकारियों ने सावन के महीने का बहाना बनाकर कार्यक्रम की तारीख आगे बढ़ाने को कहा, उसके बाद जब तारीख आगे बढ़ाकर कार्यक्रम तय हुआ तो अब हेलीपैड पर जलभराव का बहाना बनाकर अनुमति नहीं दी।

उन्होंने कहा कि बुलंदशहर में हमारा कार्यक्रम लोगों से मिलने, बुलंदशहर की समस्याओं को समझकर विधानसभा चुनाव में जिले का घोषणापत्र बनाने और पत्रकारों से बात करने का था लेकिन भाजपा सरकार घबराहट में हैं। सरकार पाबंदी लगा रही है। इसी तरह से जो लोग प्राइमरी स्कूलों की बदहाली का वीडियो बनाते हैं तो सरकार उनके खिलाफ एफआईआर कर देती है, प्रताड़ित करती है। शिक्षक दिवस पर पुलिस ने समाजवादी पार्टी के नेताओं कार्यकर्ताओं को बंद प्राइमरी स्कूलों पर ‘पाठशाला पुकारे‘ कार्यक्रम करने से रोका।
गुरुवार को समाजवादी पार्टी प्रदेश मुख्यालय पर आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में श्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने बाढ़ की समस्या के समाधान का झूठा वादा किया। सरकार के सारे दावे झूठे साबित हुए। बाढ़ बचाव के लिए आया बजट इनकी जेब में पहुंच गया। जमीन पर कोई काम नहीं हुआ। लखीमपुर खीरी और आसपास के इलाकों में बाढ़ की स्थिति है। 2019 से पंचपेड़ी घाट के लिए निर्माण की फाइल सरकार ने दबाकर रखी है।
श्री यादव ने प्रेस कांफ्रेंस में मौजूद लखीमपुर के पार्टी नेताओं और जनता को भरोसा दिलाया कि सपा की सरकार बनते ही पुल और घाट बनना शुरु हो जाएगा। बाढ़ नियंत्रण और किसानों के खेतों को बचाने के लिए काम होगा।
श्री यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री ने शिलान्यास किया था, काम पूरा नहीं हुआ लखीमपुर खीरी के पलिया में आज भी बाढ़ आ रही है। विधानसभा चुनाव में लखीमपुर खीरी जिले का अलग घोषणा पत्र बनेगा। सरकार बनने पर उस पर काम होगा। भविष्य में जो एक्सप्रेस-वे बनेंगे उस दुघवा नेशनल पार्क को जोड़ेंगे समाजवादी सरकार में जो-जो योजनाएं शुरु हुई थी, बंधे और अन्य कार्य पूरे किए जाएंगे। लखीमपुर शहर में सीवर की व्यवस्था ठीक कराएंगे। शहर के विकास के लिए काम करेंगे।
Current Media 