Breaking News

पत्रकारिता लोकतंत्र की प्राणवायु है-केशव प्रसाद मौर्य

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने आगरा में आयोजित नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (एनयूजे), के राष्ट्रीय सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता करते हुए कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र की प्राणवायु है और लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण एवं जिम्मेदारीपूर्ण है। लोकतंत्र तभी सशक्त और जीवंत रह सकता है जब उसके सभी स्तंभ अपनी-अपनी भूमिका का निष्पक्षता और स्वतंत्रता के साथ निर्वहन करें। कार्यक्रम का शुभारम्भ उप मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इस अवसर पर उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण भी किया।


उप मुख्यमंत्री ने सम्मेलन में उपस्थित देश के विभिन्न राज्यों से आए पत्रकारों का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए कहा कि पत्रकारिता केवल एक पेशा नहीं बल्कि राष्ट्र और समाज के प्रति उत्तरदायित्व का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि पत्रकार दिन-रात समाज को जागरूक करने, जनभावनाओं को अभिव्यक्ति देने तथा लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करने का कार्य करते हैं।
श्री मौर्य ने कहा कि लोकतंत्र में मीडिया की कलम में अपार शक्ति होती है। यदि सरकार जनहित के कार्यों में कहीं कमी छोड़ती है तो पत्रकार उसे सामने लाने का अधिकार रखते हैं और यदि कोई अच्छा कार्य होता है तो उसे जनता तक पहुंचाने में भी मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व की अग्रणी अर्थव्यवस्थाओं में तेजी से आगे बढ़ रहा है। वन नेशन-वन इलेक्शन की अवधारणा संसाधनों की बचत और विकास की गति को और तेज करने में सहायक होगी। देश की युवा पीढ़ी और आम नागरिक भी इस विचार का व्यापक समर्थन कर रहे हैं।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि आज भारत वैश्विक चुनौतियों का सफलतापूर्वक सामना कर रहा है। ऊर्जा संकट, वैश्विक अस्थिरता और अंतरराष्ट्रीय चुनौतियों के बावजूद भारत आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। रक्षा उत्पादन, ऊर्जा सुरक्षा और तकनीकी विकास के क्षेत्र में देश ने उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत के निर्माण से रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और देश की अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि भारत की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा का प्रमाण यह है कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को विश्व के अनेक देशों द्वारा सर्वाेच्च नागरिक सम्मान प्रदान किए गए हैं। यह सम्मान केवल प्रधानमंत्री का नहीं बल्कि 140 करोड़ भारतीयों का सम्मान है।
श्री मौर्य ने कहा कि सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म ने अभिव्यक्ति के नए अवसर प्रदान किए हैं, लेकिन इसके साथ-साथ जिम्मेदारी भी बढ़ी है। पत्रकारिता को तथ्यों, निष्पक्षता और राष्ट्रहित के मूल्यों के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार लोकतांत्रिक मूल्यों की समर्थक है तथा पत्रकारों से जुड़े विषयों और समस्याओं के समाधान के प्रति संवेदनशील है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इन्जन सरकार सुशासन, विकास और जनकल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने पत्रकारों से लोकतंत्र को और अधिक सशक्त बनाने में अपनी रचनात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री रास बिहारी, राष्ट्रीय महामंत्री श्री प्रदीप तिवारी, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष श्री अरविंद सिंह, राष्ट्रीय संगठन मंत्री व कार्यक्रम संयोजक प्रमोद गोस्वामी, प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र दुबे प्रदेश महामंत्री द्विजेंद्र शर्मा, प्रदेश कोषाध्यक्ष अरुण कुमार अवस्थी, संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारीगण, डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर आशु रानी, विधान परिषद के मा. सदस्य श्री विजय शिवहरे भाजपा जिलाध्यक्ष श्री प्रशांत पोनिया, भाजपा महानगर अध्यक्ष श्री राजकुमार गुप्ता, एनयूजेआई परिवार के सदस्यगण,जनप्रतिनिधिगण, शिक्षाविद् अन्य प्रतिष्ठितजन एवं बड़ी संख्या में पत्रकारों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

About CURRENT MEDIA

Currentmedia.in राष्ट्रीय स्तर पर तेजी से बढ़ती हुई हिंदी समाचार वेबासाइट है। वेबसाइट में ब्यूरोक्रेसी में ताजा घटनाक्रम, देश और समाज के लिए अमूल्य योगदान देने वाले व अपने कार्यो के दम पर अपनी पहचान बनाने वाले आइएएस और आइपीएस अधिकारियों व डॉक्टरो, कानून के जानकारों की रोचक स्टोरी के साथ उनके जीवन संघर्षो पर आधारित निष्पक्ष लेख पाठक को मिलेंगे। वेबसाइट में अन्य क्षेत्रों के भी विश्वसनीय, प्रमाणिक और निष्पक्ष समाचार पाठक वर्ग के लिए उपलब्ध रहेगा, इसके लिए वेबसाइट की ऑनलाइन संपादकीय टीम हर रोज विस्तृत कंटेट अपडेट करती रहेगी। संपादकीय टीम की कोशिश यही रहेगी की न्यूज कंटेट को लेकर पाठक वर्ग को किसी तरह की निराशा हाथ न लगे। साइट 24 घंटे प्रयोग में रहेगी।

Check Also

मोहम्मद आफाक ने कुर्बानी के टेंडर में धांधली को लेकर मुस्लिम वेलफेयर सोसाइटी पर लगाए गंभीर आरोप

लखनऊ । करंट मीडिया । सामाजिक संस्था “राष्ट्रीय सामाजिक कार्यकर्ता संगठन” के संयोजक मोहम्मद आफाक …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *