कराची । पाकिस्तान से आ रही ख़बरों के अनुसार पाकिस्तान के ख़ैबर पख़्तूनख़्वा प्रांत के टांक ज़िले में सेना और पुलिस की संयुक्त चौकी मांझी खेल पर गुरुवार रात को चरमपंथियों के हमले में 12 सैन्यकर्मियों समेत 15 लोगों की मौत हो गई।
मृतकों में दो पुलिसकर्मी और वन विभाग का एक अधिकारी भी शामिल हैं। हमले के बाद सुरक्षा बलों की जवाबी कार्रवाई में 12 चरमपंथी भी मारे गए। पाकिस्तानी सेना की मीडिया विंग इंटर-सर्विसेज़ पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) के मुताबिक़, पहले आतंकियों ने चौकी की सुरक्षा व्यवस्था को भेदने की कोशिश की, लेकिन सुरक्षा बलों ने उनकी ये कोशिश नाकाम कर दी। इसके बाद भाग रहे चरमपंथियों का पीछा कर उन्हें निशाना बनाया गया, जिसमें 12 आतंकी मारे गए।
आईएसपीआर के अनुसार, शुरुआती कोशिश विफल होने के बाद आतंकियों ने विस्फोटकों से भरी एक गाड़ी चौकी की दीवार से टकरा दी। भीषण विस्फोट में चौकी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और 15 लोगों की जान चली गई।

Current Media