झांसी। राशिद पठान। शहर के खुशीपुरा निवासी मोहम्मद नवाब ने एक महिला समेत अन्य लोगों पर लाखों रुपये लेने, ब्लैकमेल करने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाया है। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पीड़ित मोहम्मद नवाब की ओर से मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय में दिए गए प्रार्थना पत्र के अनुसार, आरोप है कि महिला ने प्रेम संबंधों की बातों में उलझाकर उनसे अलग-अलग माध्यमों से करीब छह लाख रुपये ले लिए। पीड़ित का दावा है कि बैंक ट्रांजेक्शन और फोन-पे के माध्यम से रकम भेजी गई, जिसके साक्ष्य उनके पास मौजूद हैं।
आरोप है कि महिला इंस्टाग्राम आईडी के जरिए संपर्क कर पांच लाख रुपये की मांग कर रही थी। रकम नहीं देने पर दुष्कर्म के झूठे मुकदमे में फंसाकर जेल भिजवाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। पीड़ित के मुताबिक, पूर्व में पुलिस के समक्ष दोनों पक्षों के बीच समझौता भी हुआ था, लेकिन इसके बाद भी कथित धमकियां जारी रहीं।
पीड़ित ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और डीआईजी को भी शिकायत भेजी थी। मामले में पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज किए जाने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। महिला और अन्य आरोपियों पर लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के निष्कर्षों के आधार पर होगी।
Current Media 