Breaking News

भाजपा धोखा देकर कारोबारियों को संकट में डाल रही है- अखिलेश यादव

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने दिखाने के लिए तैयार सामान पर जीएसटी घटा दी लेकिन वो सामान जिससे बनता है, उसके कच्चे माल पर जीएसटी बढ़ा दी। यही है भाजपा के जीएसटी गोलमाल का सच। भाजपा जनता को धोखा दे रही है। कारोबारियों को संकट में डाल रही है, क्योंकि भाजपाई तो सड़कों पर नारे लगाकर 50 प्रतिशत का भाषण देकर निकल गये। जब जनता बाजार जा रही है और सस्ता माल नहीं पा रही है तो दुकानदारों से झगड़ रही है। भाजपा सुधार नहीं, ग्राहक-दुकानदार के संबंधों को बर्बाद कर रही है। भाजपा किसी की सगी नहीं है।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं मुख्य प्रवक्ता श्री राजेन्द्र चौधरी के 17, गुलिस्तां कालोनी लखनऊ स्थित आवास पर पहुंच कर उनका हालचाल लिया और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। इस मौके पर उन्होंने मीडिया से भी बातचीत की।


श्री यादव ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियां पूरी तरह से फेल हैं। इस सरकार ने आठ साल पहले आधी रात को जीएसटी लगाकर जश्न मनाया था, तब से अब तक देश की जनता को लूटा। भारी भरकम टैक्स लगाकर महंगाई बढ़ाई। जनता की जेब काटी। भाजपा सरकार ने साइकिल से लेकर मोटर साइकिल तक और खाने-पीने की हर चीज, होटल, रेस्टोरेंट से लेकर कपड़े, काफी, किताब, पेन-पेसिंल सब को महंगा कर जनता से वसूली की। मुनाफाखोरी करायी। जब ये तमाम वस्तुएं आठ साल बाद भी कम कीमत पर मिल सकती है तो भाजपा सरकार ने इन्हें आठ साल तक महंगा क्यों किए रखा। जिस तरह का जीएसटी लागू हुआ है उससे व्यापारियों को कुछ समझ में नहीं आ रहा है। सरकार एक तरफ जीएसटी कम कर रही है और दूसरी तरफ बढ़ा रही है।
श्री यादव ने कहा कि मुनाफा कमाना कम नहीं हो रहा है। जब तक मुनाफा कम नहीं होगा तब तक महंगाई कम नहीं होगी। महंगाई कम करने और देश को खुशहाल बनाने के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया की दाम बांधों नीति पर ही जाना होगा।
श्री अखिलेश यादव ने कहा कि लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में मिली करारी हार और महंगाई-बेरोजगारी के कारण जनता में बढ़ते आक्रोश को देखकर भाजपा बैकफुट पर आयी है, लेकिन यह सरकार अभी भी धोखा दे रही है। जनता भी समझ गयी है कि भाजपा हारेगी तभी उसे महंगाई, बेरोजगारी, अन्याय, भारी टैक्सों से राहत मिलेगी। प्रदेश और देश की जनता अब भाजपा को बख्शने वाली नहीं है। भाजपा का सफाया होना तय है। इनके दिन अब गिने-चुने है।
श्रीयादव ने आगे कहा भाजपा सरकार की विदेश नीति असफल है। लगातार बढ़ते टैरिफ से व्यापार संकट में है। अर्थव्यवस्था को चोट पहुंच रही है। भाजपा सरकार की विदेश नीति की असफलता के कारण हमारे उद्योग-कारोबार को नुकसान हो रहा है और 50 फीसदी और सौ फीसदी टैरिफ होगा तो कारोबार का क्या होगा।
श्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार हर मामले में फेल है। स्वास्थ्य, शिक्षा, कानून-व्यवस्था सब बर्बाद कर दिया है। इस सरकार ने सरकारी अस्पतालों की हालत खराब कर दी। वहां गुणवत्तापूर्ण इलाज का अभाव है। मरीज मजबूरी में निजी अस्पतालों में जाने पर मजबूर है। प्रदेश के कई जिलों में जंगली जानवरों का आतंक बढ़ता जा रहा है। बहराइच, सीतापुर, पीलीभीत समेत अन्य जिलों में हर दिन जंगली जानवरों के हमले की खबरें आ रही है। कहीं भेड़ि़या, कहीं तेंदुआ, कहीं अजगर, कहीं सांड़ के हमले से लोग घायल हो रहे हैं और अपनी जान गवां रहे हैं। उत्तर प्रदेश में दहशत का जो वातावरण बना हुआ है, उसके लिए भाजपा सरकार कुछ करेगी या ये कहकर पल्ला झाड़ लेगी कि जानवर के पदचिह्न नहीं मिले हैं। जिन पर हमले हुए क्या उनके घायल शरीर के निशान काफी नहीं हैं या फिर उनके जख्म जिनके बच्चे जानवर उठा ले जा रहे हैं।

About currentmedia09@gmail.com

Currentmedia.in राष्ट्रीय स्तर पर तेजी से बढ़ती हुई हिंदी समाचार वेबासाइट है। वेबसाइट में ब्यूरोक्रेसी में ताजा घटनाक्रम, देश और समाज के लिए अमूल्य योगदान देने वाले व अपने कार्यो के दम पर अपनी पहचान बनाने वाले आइएएस और आइपीएस अधिकारियों व डॉक्टरो, कानून के जानकारों की रोचक स्टोरी के साथ उनके जीवन संघर्षो पर आधारित निष्पक्ष लेख पाठक को मिलेंगे। वेबसाइट में अन्य क्षेत्रों के भी विश्वसनीय, प्रमाणिक और निष्पक्ष समाचार पाठक वर्ग के लिए उपलब्ध रहेगा, इसके लिए वेबसाइट की ऑनलाइन संपादकीय टीम हर रोज विस्तृत कंटेट अपडेट करती रहेगी। संपादकीय टीम की कोशिश यही रहेगी की न्यूज कंटेट को लेकर पाठक वर्ग को किसी तरह की निराशा हाथ न लगे। साइट 24 घंटे प्रयोग में रहेगी।

Check Also

उत्पीड़न से परेशान मज़दूरों ने सड़क पर उतरकर किया हंगामा

नोएडा। अपनी आलीशान बिल्डिंग और आधुनिक कार्यालयों वाला शहर नोएडा अचानक से इतना उग्र क्यों …