शाहजहांपुर/खुटार। मो0आफाक। पीलीभीत से उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा देकर लौट रहे परीक्षार्थियों से भरी एक बस की बुधवार को एनएच-730 पर सामने से आ रहे डंपर से टक्कर हो गई।
हादसे में दो लोग घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई। घटना थाना खुटार क्षेत्र में लोंगापुर जंगल के पास हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस में बड़ी संख्या में परीक्षार्थी सवार थे, जो परीक्षा देकर अपने गंतव्य की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे डंपर से बस की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे की चपेट में अन्य वाहन भी आ गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया। हादसे के कारण कुछ समय तक एनएच-730 पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Current Media