लखनऊ । उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने बुधवार को शिक्षा निदेशालय प्रांगण, प्रयागराज में संविधान शिल्पी, ‘भारत रत्न’ डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की जयंती के उपलक्ष्य पर आयोजित कार्यक्रम में उनकी तथा स्वामी विवेकानंद जी की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की एवं उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया।
उप मुख्यमंत्री श्री मौर्य ने अपने उद्बोधन में कहा कि बाबासाहेब डॉ. अंबेडकर केवल संविधान के निर्माता ही नहीं थे, बल्कि वे सामाजिक क्रांति के महानायक, न्याय और समानता के प्रबल पक्षधर तथा आधुनिक भारत के शिल्पकार थे। उन्होंने भारतीय समाज को एक नई दिशा देते हुए वंचित, शोषित और पिछड़े वर्गों को सम्मान और अधिकार दिलाने के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया।
उन्होंने कहा कि बाबासाहेब द्वारा प्रदत्त संविधान आज भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है, जो प्रत्येक नागरिक को समान अवसर, स्वतंत्रता और न्याय की गारंटी देता है। उनके विचार “शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो” आज भी समाज को आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। श्री मौर्य ने कहा कि यदि हमें एक समतामूलक और सशक्त राष्ट्र का निर्माण करना है, तो बाबासाहेब के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करना होगा।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार बाबासाहेब के सपनों को साकार करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार द्वारा अनुसूचित जाति, जनजाति, पिछड़े वर्ग एवं समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के उत्थान के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि आज गरीब, दलित, पिछड़े और वंचित वर्गों को आवास, शौचालय, मुफ्त राशन, उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन, आयुष्मान भारत के माध्यम से स्वास्थ्य सुरक्षा, छात्रवृत्ति योजनाओं तथा स्वरोजगार के अवसरों के जरिए सशक्त किया जा रहा है। यह सभी प्रयास बाबासाहेब के उस स्वप्न को साकार करने की दिशा में हैं, जिसमें हर व्यक्ति को सम्मानजनक जीवन मिले।
श्री मौर्य ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में व्यापक सुधार किए हैं, जिससे समाज के हर वर्ग को लाभ मिल रहा है। सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है और “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मूल मंत्र पर कार्य कर रही है।
उन्होंने उपस्थित जनसमूह से आह्वान किया कि हम सभी बाबासाहेब के आदर्शों को अपनाते हुए समाज में समानता, भाईचारा और समरसता को मजबूत करें तथा राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।
इस अवसर पर विधायकगण श्री गुरु प्रसाद मौर्य, श्री हर्षवर्धन बाजपेयी, श्री पियूष रंजन निषाद, महापौर श्री गणेश केसरवानी, विधान परिषद सदस्य श्री सुरेंद्र चौधरी के अलावा श्री राजेश शुक्ल जी, श्रीमती निर्मला पासवान, जनप्रतिनिधिगण, गणमान्य नागरिक एवं अन्य प्रतिष्ठितजन उपस्थित थे।
Current Media