शाहजहाँपुर। मो0आफाक। यूपी के शाहजहाँपुर में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला थाना सदर बाजार क्षेत्र से सामने आया है। पुलिस ने नाबालिग भांजी से दुष्कर्म के मामले में सहयोग करने और गर्भपात कराने के आरोप में महिला अभियुक्ता मेघा चौधरी को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में ‘मिशन शक्ति’ अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, बीती 14 फरवरी को नाबालिग किशोरी को प्रेमजाल में फंसाकर उसका शारीरिक शोषण किया गया। आरोप है कि पीड़िता के गर्भवती होने पर मुख्य आरोपी ने अपनी सह-अभियुक्ता मेघा चौधरी के साथ मिलकर उसका जबरन गर्भपात करा दिया। मामले की शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस दोनों आरोपियों की तलाश कर रही थी। मुखबिर की सटीक सूचना पर महिला उप-निरीक्षक साक्षी चौधरी की टीम ने शनिवार को अभियुक्ता मेघा को एमनजई जलालनगर स्थित उसके घर के बाहर से घेराबंदी कर दबोच लिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी व सह-अभियुक्ता के खिलाफ बीएनएस की धारा 64(2)(उ), 89, 61(2), 351(3) तथा पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया है। थाना सदर बाजार पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार महिला के खिलाफ विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। वहीं, मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
Current Media