शाहजहांपुर। मो0आफाक। दिल्ली में छात्रों के प्रदर्शन के समर्थन में पहुंचे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को दिल्ली पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के विरोध में बुधवार को शाहजहांपुर में सपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष तनवीर खान के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने खिरनीबाग चौराहे पर एकत्र होकर भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि छात्रों की आवाज उठाने वाले विपक्षी नेताओं को हिरासत में लेकर लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन किया जा रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार की नीतियों को छात्र और युवा विरोधी बताते हुए कहा कि शांतिपूर्ण विरोध को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया और एहतियात के तौर पर खिरनीबाग चौराहे पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया। हालांकि प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा। काफी देर तक सपा कार्यकर्ता सरकार के विरोध में नारेबाजी करते रहे, जिसके चलते चौराहे पर राजनीतिक हलचल बनी रही।

Current Media