झांसी। राशिद पठान। जनपद झांसी पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। बरुआसागर थाना पुलिस ने सस्ते दाम पर सोना दिलाने का झांसा देकर ₹10 लाख की ठगी करने वाले शातिर अभियुक्त दीपचंद कुशवाहा को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से ₹6.27 लाख नकद, एक अवैध तमंचा, कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने इंदौर निवासी व्यापारी को बाजार से कम कीमत पर सोना दिलाने का लालच देकर अपने जाल में फंसाया था। आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर सोने का नमूना दिखाकर विश्वास जीता और फिर ₹10 लाख लेकर फरार हो गया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
मुखबिर की सूचना पर बरुआसागर क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस ने आरोपी को घेर लिया। इस दौरान हुई मुठभेड़ के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी से ठगी की रकम में से ₹6.27 लाख नकद बरामद किए हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Current Media