तेहरान । ईरान के सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई को पूरी दुनिया इस बात के लिए याद करेगी कि उन्होनें शैतानी ताकतों के आगे सर न झुकाते हुए शहादत हासिल करना ज्यादा अच्छा समझा। खामनेई की मकबूलियत इस बात से भी समझाी जा सकती है कि वह शिया होते हुए भी पूरी मुस्लिम दुनिया में इज्ज़त की नज़र से देखे जाते थे और पूरी दुनिया के मुसलमान उनसे प्यार करते हैं और उनको एक बहादुर नेता के रुप में भी देखते हैं।
ख़ामेनेई एक बार नहीं बल्कि अलग-अलग मौक़ों पर कई बार ये ज़ाहिर कर चुके थे कि इसराइल को लेकर उनके इरादे क्या हैं। ख़ामेनेई खुलकर इसराइल के अस्तित्व को मिटाने की बात करते रहे। वो लंबे समय से इसराइल को पश्चिम एशियाई क्षेत्र का एक ऐसा कैंसरग्रस्त ट्यूमर बताते रहे, जिसे उखाड़ फेंकना ज़रूरी है और उनके मुताबिक़ ये होकर रहेगा।
बीते साल जून में शायद ये पहली बार था जब इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने ख़ामेनेई को निशाने पर लिए जाने से जुड़ी कोई बात सीधे और सार्वजनिक तौर पर कही हो। एक इंटरव्यू में इसराइली प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू से जब पूछा गया था कि क्या अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने, ईरान के सुप्रीम लीडर की हत्या से जुड़ी इसराइली योजना को ये कहते हुए ख़ारिज कर दिया था कि इससे क्षेत्र में संघर्ष बढ़ सकता है । नेतन्याहू ने जवाब में कहा था कि ख़ामेनेई की मौत संघर्ष को बढ़ाने के बजाय, उसे ख़त्म करने का काम करेगी।
आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई का जन्म 1939 में ईरान के उत्तर-पूर्वी शहर मशहद में हुआ, जिसे देश का सबसे पवित्र शहर माना जाता है। अपने पिता की तरह उन्होंने भी मौलवी बनने की राह चुनी और शिया मुसलमानों के दो प्रमुख शैक्षणिक केंद्रों में से एक, क़ुम में जाकर धार्मिक शिक्षा प्राप्त की. महज़ 11 साल की उम्र में वह मौलवी बन गए थे। हालांकि, ख़ामेनेई उस दौर के ईरान में बड़े हो रहे थे जब शाह मोहम्मद रज़ा पहलवी का शासन था। उस समय ईरान एक राजतंत्र था, जहां पहलवी वंश के शाह सत्ता में थे।
शाह एक पंथनिरपेक्ष राजा माने जाते थे, जो धर्म को एक प्राचीन और अप्रासंगिक अवधारणा मानते थे. वे धार्मिक लोगों को शक की निगाह से देखते थे । जैसे-जैसे ख़ामेनेई बड़े हुए, शाह शासन के प्रति उनकी नाराज़गी और विरोध बढ़ता गया। उन्होंने जल्द ही शाह के मुख्य विरोधी अयातुल्लाह रुहोल्लाह ख़ुमैनी के समर्थन में काम करना शुरू कर दिया।

ख़ुमैनी के प्रभाव में आने से पहले ख़ामेनेई को कविताएं लिखने का बहुत शौक़ था। वे अमीन नाम से कविताएं लिखा करते थे। लेकिन ख़ुमैनी से प्रभावित होने के बाद उन्होंने यह रचनात्मक गतिविधि पूरी तरह छोड़ दी। अयातुल्लाह रुहोल्लाह ख़ुमैनी उस समय शाह के सबसे मुखर आलोचकों में से एक थे। अमेरिका से नज़दीकी संबंधों का विरोध करने के चलते शाह ने उन्हें देश से निष्कासित कर दिया था। ख़ुमैनी चाहते थे कि ईरान में इस्लामी शासन स्थापित हो. ख़ामेनेई ने ख़ुमैनी के संदेश को देश के भीतर फैलाना शुरू किया। इसी प्रयास में उन्हें छह बार गिरफ़्तार भी किया गया।
जब आया साल 1979
शाह की सत्ता गिर गई और अयातुल्लाह रुहोल्लाह ख़ुमैनी ने पेरिस से लौटकर ईरान में इस्लामिक गणराज्य की स्थापना की। खुमैनी की मकबूलियत इस बात से समझी जा सकती है कि उस समय ईरान की सड़कों पर केवल अयातुल्लाह ख़ुमैनी के साथ दूसरी हुसैन अली मोंतज़री की ही फोटो होती थी।
इस्लामिक ईरान में अब शासन की बागडोर मौलवियों के हाथ में थी, और इन्हीं मौलवियों में एक नाम अली ख़ामेनेई का भी था। वह बहुत कम समय में ख़ुमैनी के सबसे क़रीबी सहयोगियों में शामिल हो गए। इसी साल तेहरान में अमेरिकी दूतावास पर क़ब्ज़े की घटना में भी ख़ामेनेई ने अहम भूमिका निभाई। इस घटनाक्रम के बाद अमेरिका से संवाद स्थापित करने की ज़िम्मेदारी भी उन्हें सौंपी गई। बाद में अली ख़ामेनेई को देश का उप-रक्षा मंत्री नियुक्त किया गया। इस दौरान उन्होंने इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) को संगठित करने में अहम भूमिका निभाई। आईआरजीसी आगे चलकर ईरान की सबसे शक्तिशाली संस्थाओं में से एक बन गई।
इस बल को स्थापित करने का उद्देश्य था- ऐसी सेना खड़ी करना जो देश के लिए धार्मिक, राजनीतिक और आर्थिक मोर्चों पर लड़ सके और इस्लामिक राष्ट्र को न सिर्फ़ बाहरी ख़तरों, बल्कि आंतरिक संकटों से भी सुरक्षित रख सके दो साल ही बीते थे कि साल 1981 में ख़ामेनेई पर एक जानलेवा हमला हुआ। ख़ामेनेई एक न्यूज़ कॉन्फ्रेंस को संबोधित कर रहे थे कि तभी उनके नज़दीक रखे एक टेप रिकॉर्डर में ब्लास्ट हुआ। इस विस्फ़ोट में ख़ामेनेई का दायां हाथ पैरालाइज़ हो गया और एक कान के सुनने की क्षमता भी प्रभावित हुई।

इस हमले का आरोप मुजाहिदीन-ए-ख़ल्क़ (एमईके) पर लगाया गया था, जो उस समय इस्लामी शासन के ख़िलाफ़ सक्रिय थे। इस घटना के बाद तेहरान में एक सभा को संबोधित करते हुए ख़ामेनेई ने कहा था, हमले के बाद मैं बहुत बुरी स्थिति में था. मुझे लगा मौत मेरे दरवाज़े के सामने है। अगले कुछ दिनों तक मैं सोचता रहा कि आखि़र मैं बचा क्यों? फिर समझ आया कि ऊपरवाले ने किसी न किसी कारणवश ही मुझे बचाया होगा।
ख़ामेनेई अपनी उस चोट से उबर ही रहे थे कि उन्हें ईरान का अगला राष्ट्रपति चुन लिया गया. साल 1981 से अगले सात साल से अधिक दिनों तक वे देश के राष्ट्रपति पद पर रहे। उनके राष्ट्रपति कार्यकाल के दौरान ही इराक़ के तत्कालीन शासक सद्दाम हुसैन ने ईरान पर हमला कर दिया, जिसके बाद दोनों देशों के बीच जंग छिड़ गई जो आठ साल चली।
साल 1989
इस वर्ष अयातुल्लाह रुहोल्लाह ख़ुमैनी का निधन हो गया. इसके बाद अली ख़ामेनेई को ईरान का अगला सुप्रीम लीडर नियुक्त किया गया। आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई को ईरान का सुप्रीम लीडर तो चुना गया, लेकिन वह ख़ुद इस पद के लिए अपने आपको योग्य नहीं मानते थे।
ख़ामेनेई को लगता था कि इस पद के लिए उनके पास पर्याप्त धार्मिक योग्यता नहीं है। हालांकि, वे अयातुल्लाह ख़ुमैनी के बेहद क़रीबी थे और देश में उनकी लोकप्रियता भी काफ़ी थी. इसी कारण संविधान में संशोधन कर उन्हें सुप्रीम लीडर बनाया गया। सुप्रीम लीडर बनने के बाद ख़ामेनेई ने स्वयं को मज़बूत करने और अपने इर्द-गिर्द भरोसेमंद लोगों को तैनात करने की दिशा में काम करना शुरू किया।
साढ़े तीन दशक से भी ज़्यादा समय से ईरान के सर्वाेच्च नेता आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई ईरान की जनता के दिलों पर राज करते रहे । ख़ामेनेई के कार्यकाल में ही ईरान पर परमाणु हथियार तैयार करने के आरोपों के चलते कई अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंध लगे, जो आज भी जारी हैं। जबकि साल 2003 के आसपास ख़ामेनेई ने परमाणु हथियारों के खिलाफ़ एक फ़तवा भी जारी किया था।
यह फ़तवा लिखित नहीं था, लेकिन अपने सार्वजनिक भाषणों में उन्होंने बार-बार कहा कि परमाणु हथियार इस्लाम के खि़लाफ़ हैं और इनका निर्माण व उपयोग हराम है। पश्चिमी देशों ने इस फ़तवे को कभी गंभीरता से नहीं लिया और इसे ईरान की तरफ़ से अपनी छवि सुधारने की एक कोशिश के रूप में ही देखा।
अपने पूरे कार्यकाल में ख़ामेनेई पांच राष्ट्रपतियों के साथ काम कर चुके हैं, जिनमें से चार पर यह आरोप लगे कि उन्होंने अपनी नीतियों के ज़रिए ख़ामेनेई की सत्ता को चुनौती देने की कोशिश की। आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई अमेरिका को बड़ा शैतान और इसराइल को छोटा शैतान मानते थे।
अमेरिका और ईरान के बीच संबंध लंबे समय से तनावपूर्ण रहे हैं, और इसके पीछे कई ऐतिहासिक घटनाएं रही हैं। जैसे साल 1953 में अमेरिकी खुफ़िया एजेंसी सीआईए और ब्रिटेन की मदद से ईरान में हुआ तख़्तापलट, 1979 की ईरानी क्रांति, तेहरान में अमेरिकी दूतावास पर बंधक संकट, इराक़ के साथ आठ साल लंबा युद्ध, ईरान का परमाणु कार्यक्रम और डोनाल्ड ट्रंप से टकराव जैसे मामले ।
जहां तक इसराइल की बात है, तो इस्लामिक क्रांति से पहले तक रज़ा पहलवी के दौर में ईरान और इसराइल के संबंध सौहार्दपूर्ण थे। लेकिन क्रांति के बाद ईरान ने न सिर्फ़ इसराइल के अस्तित्व को अस्वीकार किया, बल्कि फ़लस्तीनी मुद्दे का कट्टर समर्थन भी शुरू कर दिया। समय-समय पर दोनों देशों के बीच शैडो वॉर यानी परदे के पीछे चलने वाले सैन्य और साइबर हमले होते रहे हैं।
खामेनेई के दुनिया से जाने के बाद पूरे 57 मुस्लिम मुल्कों में कोई ऐसा नेता फिलहाल नहीं दिख रहा है जो इसराईल के सामने डट कर खड़ा हो सके ।
Current Media 