झांसी । राशिद पठान । झांसी के सिजवाहा गांव में एक ही बिल्डिंग में दो स्कूल संचालित होने के विवाद को सुलझाने के लिए पुलिस और बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) डीपीएस स्कूल पहुंचे। प्रबंधक के अनुपस्थित रहने और दस्तावेज प्रस्तुत न कर पाने के कारण मामले का निस्तारण नहीं हो सका।
प्रबंधक ने सोमवार को आने की बात कही है, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें सोमवार तक का समय दिया। इस दौरान दोनों पक्षों को शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
यह विवाद कई महीनों से चल रहा है। सीपरी बाजार निवासी श्रीमती आशा राजपूत का रक्सा के ग्राम सिजवाहा में मारुति नंदन नाम से एक स्कूल इसी बिल्डिंग में संचालित होता था। कोरोना काल के दौरान उन्होंने अपनी बिल्डिंग किराए पर दे दी थी, जिसमें डीपीएस स्कूल संचालित किया जा रहा है।
आशा राजपूत का आरोप है कि डीपीएस स्कूल बिल्डिंग खाली नहीं कर रहा है और बिना मान्यता के संचालित हो रहा है। इस संबंध में बीएसए ने पहले भी डीपीएस स्कूल प्रबंधन से स्पष्टीकरण मांगा था।
आज सीओ सदर, रक्सा थाना प्रभारी सहित भारी पुलिस बल और बीएसए ने डीपीएस स्कूल पहुंचकर जांच पड़ताल की। बीएसए ने बताया कि डीपीएस की मान्यता नहीं है और एक ही बिल्डिंग में दो स्कूल संचालित नहीं हो सकते। मारुति नंदन स्कूल भी इसी बिल्डिंग में चल रहा है।
डीपीएस स्कूल प्रशासन से दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे उन्हें प्रस्तुत नहीं कर सके। उन्होंने प्रबंधक के आने के लिए समय मांगा, जिसके बाद उन्हें सोमवार तक का समय दिया गया है।
बेसिक शिक्षा अधिकारी विपुल सागर ने बताया कि शिकायत मिलने पर वे मौके पर पहुंचे थे और दोनों पक्षों को सुना जा रहा है। सीओ सदर रामवीर सिंह ने सोमवार तक के लिए दोनों पक्षों को शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।
Current Media