शाहजहाँपुर। मुबारक अली । शहर के सबसे संवेदनशील सैन्य क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई, जब सेना की वर्दी पहनकर खुद को ब्रिगेडियर बताने वाला एक युवक पुलिस और सैन्य अधिकारियों के हत्थे चढ़ गया। युवक की संदिग्ध गतिविधियों ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है।
जानकारी के अनुसार, युवक शहीद संग्रहालय के पास सेना की वर्दी और कंधों पर स्टार लगाए घूम रहा था। उसकी वर्दी और हावभाव देखकर मौजूद सैन्य अधिकारियों को शक हुआ। पूछताछ में युवक अपनी पहचान और पद को लेकर संतोषजनक जवाब नहीं दे सका, जिसके बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक पकड़े गए युवक की पहचान आर्यन वर्मा पुत्र अनिल कुमार वर्मा, निवासी दुर्गा इंक्लेव, हथौड़ा बुजुर्ग के रूप में हुई है।
यह इलाका सेना, प्रशासन और पुलिस के कई महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों का केंद्र है। ऐसे संवेदनशील क्षेत्र में फर्जी सैन्य अधिकारी बनकर घूमने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
सूत्रों के मुताबिक मामले की सूचना मिलते ही बरेली से सैन्य इंटेलिजेंस और अन्य एजेंसियों की टीमें भी शाहजहाँपुर के लिए रवाना हो गईं। युवक के मोबाइल, संपर्कों और पिछले रिकॉर्ड की गहन जांच की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि वह केवल दिखावा कर रहा था या उसके पीछे कोई बड़ा उद्देश्य था।
फिलहाल सेना और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी की तरफ से अभी तक कोई बयान नहीं आया है । उनका कहना है कि जांच अभी शुरुआती चरण में है और सभी तथ्यों के सत्यापन के बाद ही आधिकारिक जानकारी साझा की जाएगी।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है क्या यह केवल फर्जी वर्दी पहनने का मामला है या इसके पीछे कोई बड़ी साजिश छिपी है? इसका जवाब जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।

ब्रिगेडियर की वर्दी पहनकर घूर रहा आरोपी अपने साथियों के साथ
Current Media