लखनऊ। अली ज़ैदी । राजधानी लखनऊ के वजीरगंज थाना क्षेत्र में मीना ट्रांसपोर्ट के पास चल रहे कथित निर्माण को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार निर्माण स्थल पर करीब 8 फीट गहरा बेसमेंट बनाया गया है और भवन की तीन मंजिलों की स्लैब पड़ने का भी दावा किया जा रहा है।
मामले में सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या उक्त निर्माण के लिए लखनऊ विकास प्राधिकरण एलडीए से स्वीकृत मानचित्र और बेसमेंट की अनुमति प्राप्त है? यदि अनुमति है तो क्या मौके पर निर्माण उसी स्वीकृत मानचित्र के अनुसार किया जा रहा है?
शिकायतों के बावजूद कार्रवाई क्यों नहीं?
स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण को लेकर पहले भी सवाल और शिकायतें सामने आ चुकी हैं, लेकिन अभी तक मौके पर ऐसी प्रभावी कार्रवाई दिखाई नहीं दी है जिससे निर्माण की वैधता और सुरक्षा स्थिति स्पष्ट हो सके। ऐसे में सवाल सीधे संबंधित विभागों से है क्या एलडीए की टीम ने मौके का स्थलीय निरीक्षण किया? क्या स्वीकृत नक्शे की जांच की गई? क्या बेसमेंट की अनुमति और भवन की संरचनात्मक सुरक्षा का परीक्षण कराया गया?
घनी आबादी वाले क्षेत्र में गहरा बेसमेंट और उसके ऊपर बहुमंजिला निर्माण होने के दावे को देखते हुए निर्माण स्थल की सुरक्षा व्यवस्था की भी जांच जरूरी है। विशेष रूप से यह देखा जाना चाहिए कि निर्माण के दौरान आसपास की संपत्तियों और राहगीरों की सुरक्षा के लिए आवश्यक मानकों का पालन किया जा रहा है या नहीं।
Current Media 