Breaking News

अखिलेश यादव ने प्रेस कांफ्रेस में लगाए सरकार पर गंभीर आरोप

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रेस कांफ्रेस में भाजपा सरकार पर कई आरोप लगाए । श्री यादव ने कहा कि भाजपा सरकार किसानों की जमीन और फसल की लूट कर रही है। इस सरकार के नौ साल में भाजपा के लोगों ने बड़े पैमाने पर जमींनों पर कब्जा किया, जमींने हड़प ली। सरकारी जमीनों को बेच लिया है। सरकार ने बड़े-बड़े बिजनेस घरानों को अपना रियल स्टेट बैंक बनाने (जमीन बढ़ाने) की खुली छूट दी है।
श्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार और उसके फैसले किसानों के लिए कभी ईमानदार नहीं रहे। किसानों के लिए डिजिटल प्लेट फार्म धोखा है। भाजपा सरकार ने नौ साल में इसे क्यों नहीं बनाया। इस सरकार में किसानों को खाद नहीं मिल रही। किसानों को खाद के बदले लाठियां मिल रही है। कृषि मंत्री के जिले के लोग बता रहे है कि खाद नहीं मिल रही है। कृषि मंत्री को पता ही नहीं खाद कहां से आती है। खाद के लिए पहले से तैयारी करनी पड़ती है। खाद केवल यूपी नहीं मध्य प्रदेश में भी नहीं मिल रही है। गन्ना मूल्य नहीं बढ़ा। भाजपा सरकार जनता को गुमराह करने के लिए नयी-नयी योजना लाती है। भाजपा का मौसम बहुत खराब हो चुका है। किसान भाजपा की विदाई करने के लिए तैयार है। 2027 में इनकी विदाई तय है।


श्री अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार में किसानों के हित में सबसे ज्यादा फैसले हुए। किसानों के लिए बजट, बढ़ाया गया था। समाजवादी पार्टी सरकार में किसानों के लिए इन्फ्रास्ट्रक्चर बेहतर करने का काम हुआ। मंडियों को बनाया गया। मंडियों को आधुनिक किया गया। समाजवादी पार्टी की सरकार ने सिंचाई माफ किया। बिजली मिलती थी। खाद मिलती थी। कीटनाशक, दवाइयां सस्ती थी। डीजल सस्ता था। किसानों की मदद होती थी। अब किसानों की मदद नहीं होती। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार में सबसे ज्यादा चीनी मिलें लगायी गयी। भाजपा सरकार ने बिजली का कोई कारखाना नहीं लगाया। बुनकरों के लिए समाजवादी पार्टी की सरकार में सुविधांए दी गयी थी।
समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय लखनऊ में आयोजित प्रेसकांफ्रेंस में श्री अखिलेश यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री जी गोमती सफाई को लेकर ढ़ोंग कर रहें हैं। जब सरकार के जाने का समय आया है तब मुख्यमंत्री जी को गोमती नदी की सफाई की याद आयी है। सरकार गोमती सफाई को लेकर सफेद टेबल पर बैठकर काला झूठ बोल रही है। भाजपा सरकार की योजना जमीन पर नहीं सिर्फ अखबारों की हेड लाइन में दिखती है।
श्री अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार ने नदियों की सफाई के लिए एक मॉडल तैयार किया था। लखनऊ में गोमती नदी और वाराणसी में वरुणा नदी के लिए जो मॉडल बनाया था उसी मॉडल से नदियों की सफाई हो सकती है। लेकिन भाजपा सरकार नदियां नहीं साफ कर रही है। यह सरकार बजट साफ कर रही है। भाजपा सरकार नदियों पर नहीं, नाले पर रिवर फ्रंट बना रही है। सरकार बजट को लूटने और भ्रष्टाचार करने का प्लान बनाती है।
श्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में महंगाई और भ्रष्टाचार चरम पर है। सोने की कीमत लगातार बढ़ती जा रही है। इतनी महंगाई कभी नहीं थी। इस महंगाई में गरीब लोग शादियों में बेटी को कील भी नहीं दे पाएंगे। दस ग्राम सोना एक लाख 25 हजार रूपया के पार हो चला है।
श्री यादव ने कहा कि भाजपा सरकार जनता को स्वदेशी का चूरन देती है। स्वदेशी का नारा जनता को गुमराह करने के लिए दिया जा रहा है। भाजपा के लोग मुंह से स्वदेशी हैं मन से विदेशी हैं। अगर सरकार स्वदेशी का नारा दे रही है तो अपना बाजार विदेशी कम्पनियों के लिए क्यों खोल रखा है। चीन हमारे देश के पूरे मार्केट पर कब्जा कर रहा है। सरकार चीन पर टैरिफ क्यों नहीं लगा रही है?
श्री यादव ने कहा कि सरकार ने अस्पतालों को बर्बाद कर दिया। सिविल हॉस्पिटल, लोहिया में अच्छा इलाज नहीं मिल रहा है। सिविल अस्पताल का एक्सटेंशन होना था, हमने जमीन खाली करायी लेकिन इस सरकार ने सिविल अस्पताल का विस्तार नहीं किया। केजीएमयू में इलाज न मिलने को लेकर खबरें आती रहती है।


श्री यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में भेदभाव की पराकाष्ठा है। भेदभाव की वजह और दबाव के चलते लोग जान दे रहे है। इन सब घटनाओं से पीडीए समाज चिंतित है। हरियाणा के आईपीएस आत्महत्या मामले में जो भी दोषी हो उसे सजा मिले।
श्री अखिलेश यादव ने कहा कि बहराइच और आसपास के जिलों में जंगली जानवरों का आतंक है। जानवर लोगों की जान ले रहे हैं। सरकार संवेदनहीन बनी हुई है। सरकार न बचाव के लिए कुछ कर रही है और न पीड़ितों की मदद कर रही है।
एक सवाल के जवाब में श्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार जनता से झूठे वादे करती है। त्यौहार में अभी तक किसी को गैस सिलेण्डर नहीं मिला है। बिजली व्यवस्था चौपट हो गयी है। सरकार ने मुनाफा कमाने के लिए प्री-पेड मीटर लगा दिया है। प्री-पेड मीटर तेज भाग रहे है। बिजली नहीं आती लेकिन बिल ज्यादा आता है। भाजपा सरकार ने प्रदेश में एक भी बिजली घर नहीं लगाया।
श्री यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार बनने पर मोहम्मद आजम खां साहब पर लगे सभी मुकदमे वापस लिए जाएंगे। पत्रकारों पर भी लगे झूठे मुकदमे वापस लिए जाएंगे।

About currentmedia09@gmail.com

Check Also

देश को नशा मुक्त, अपराधमुक्त और समृद्ध बनाने के लिए युवाओं को आगे आना होगा -राज्यपाल

लखनऊ । प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल की अध्यक्षता में …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *