सैय्यद अतीक उर रहीम/ नेशनल ब्यूरो / करंट मीडिया
अलीगढ़ । एएमयू ओल्ड ब्वॉयज एसोसिएशन अलीगढ़ के जनरल सेक्रेटरी डॉक्टर आजम मीर खान की कार्यकारिणी एसोसिएशन का चुनाव करा रही है , इस दरमियान सोसाइटी रजिस्ट्रार ने खत भेज कर चुनाव रोकने का आदेश दे दिया हैं।
खत में सदस्यता की जांच तक चुनावी प्रक्रिया पर रोक का आदेश है साथ ही डॉ. आज़म मीर खान को चुनावी कार्रवाई से दूर रहने का निर्देश भी दिया गया । इस संबंध में आज ओल्ड ब्वॉयज के कुछ पूर्व पदाधिकारियों और सदस्यों ने प्रेस वार्ता कर मौजूदा एसोसिएशन की कार्यशैली पर उंगली उठाते हुए गंभीर आरोप लगाए है।
ज्ञात हो कि एएमयू ओल्ड बॉयज (एलुमनाई) एसोसिएशन, अलीगढ़ में चुनाव को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। उपनिबंधक फर्म, सोसाइटीज एवं चिट्स आगरा द्वारा जारी आदेश के बाद अब संगठन में चुनावी प्रक्रिया पर फिलहाल रोक लगा दी गई है। आदेश में स्पष्ट कहा गया है कि साधारण सभा के सदस्यों की सदस्यता की शुद्धता का निर्धारण होने तक किसी भी प्रकार की चुनावी कार्रवाई नहीं की जाएगी।

यह जानकारी देते हुए एसोसिएशन के प्रतिष्ठित एवं सम्मानित आजीवन सदस्य सैयद नदीम अहमद ने कहा कि उपनिबंधक कार्यालय ने अपने पत्रांक संख्या 3668 दिनांक 10 मार्च 2026 के माध्यम से स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं। आदेश के अनुसार संस्था 01 नवम्बर 2025 से कार्यालय के आदेश से कालातीत मानी जा रही है और वर्तमान में वही आदेश प्रभावी है।
सैयद नदीम अहमद ने बताया कि एक्ट की धारा 4-ठ के तहत लगभग एक वर्ष से साधारण सभा के सदस्यों की सदस्यता की शुद्धता का निर्धारण किया जाना है। इस संबंध में डॉ. आज़म मीर खान को कार्यालय द्वारा नोटिस जारी किया गया था। उन्होंने 2 जनवरी 2026 को साधारण सभा के सदस्यों की सूची प्रस्तुत की थी, लेकिन वर्ष 2025-26 की सदस्यता की पुष्टि के लिए आवश्यक साक्ष्य और मूल अभिलेख उपलब्ध नहीं कराए गए।
उन्होंने कहा कि उपनिबंधक कार्यालय ने डॉ. आज़म मीर खान को अंतिम अवसर देते हुए निर्देश दिया है कि वे स्वयं या अपने प्रतिनिधि के माध्यम से 10 मार्च 2026 तक संस्था के मूल अभिलेख प्रस्तुत करें। यदि निर्धारित समय तक अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए जाते हैं तो कार्यालय में उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर ही साधारण सभा के सदस्यों की सदस्यता की शुद्धता का निर्धारण किया जाएगा और उसी आधार पर चुनावी कार्रवाई आगे बढ़ाई जाएगी।
सैयद नदीम अहमद ने जोर देकर कहा कि आदेश में साफ तौर पर निर्देश दिया गया है कि सदस्यता की शुद्धता का अंतिम निर्णय होने तक पूर्व महासचिव डॉ. आज़म मीर खान किसी भी प्रकार की चुनाव संबंधी कार्रवाई नहीं करेंगे। यदि इसके बावजूद कोई कदम उठाया जाता है तो उसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित व्यक्ति की होगी।
उन्होंने कहा कि यह आदेश संगठन में पारदर्शिता और वैधानिक प्रक्रिया को सुनिश्चित करने के लिए बेहद महत्वपूर्ण है और सभी सदस्यों को इसका सम्मान करना चाहिए।
सैय्यद नदीम अहमद एवं प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद सभी सदस्यों ने डॉक्टर आजम मीर खान पर एसोसिएशन को गैर कानूनी तौर पर चलाने एवं नियम के खिलाफ चुनाव कराने का आरोप लगाया , साथ ही वो वोटर लिस्ट भी दिखाई जिस में उन लोगों का भी नाम है जो अब इस दुनिया में नहीं रहे ।
वहीं दूसरी तरफ एसोसिएशन के सेक्रेटरी डॉक्टर आज़म मीर खान ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि चुनाव बिल्कुल कानूनी तौर पर हो रहा है ,उनका कहना है कि जब चुनाव प्रक्रिया शुरू हो चुकी है मामला हाईकोर्ट में भी चल रहा है तो रजिस्ट्रार सोसायटी के इलेक्शन पर रोक लगाना अनुचित है ।
Current Media 