शाहजहांपुर। मुबारक अली । जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह एवं एसपी सौरभ दीक्षित की अध्यक्षता में शनिवार को तहसील पुवायां में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान उन्होंने जनसामान्य की शिकायतें एवं समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को सभी प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
संपूर्ण समाधान दिवस में भूमि पैमाइश संबंधी मामलों में लापरवाही पाए जाने पर कानूनगो आदर्श तथा बैठक से अनुपस्थित रहने पर अधिशासी अभियंता विद्युत पुनीत निगम के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई के निर्देश जिलाधिकारी द्वारा दिए गए।
जिलाधिकारी ने राजस्व, विद्युत एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का रविवार तक संतोषजनक निस्तारण कर शाम 6 बजे तक उन्हें व्यक्तिगत रूप से अवगत कराएं। उन्होंने तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार को भी निर्देश दिए कि जनता दर्शन, संपूर्ण समाधान दिवस एवं अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों का लेखपालों एवं कानूनगो के माध्यम से प्रभावी समाधान कराया जाए।
समाधान दिवस में राजस्व विभाग की 106, विद्युत की 19, पुलिस की 14, विकास विभाग की 22 तथा अन्य विभागों की 14 शिकायतें प्राप्त हुईं। कुल 175 शिकायतों में से 6 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि शिकायतों के निस्तारण के लिए अधिकारियों का मौके पर जाना आवश्यक है तथा शिकायतकर्ता के साथ फोटो भी लिया जाए। उन्होंने समयबद्धता पर विशेष जोर देते हुए सभी मामलों का निर्धारित अवधि में निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर एसपी सौरभ दीक्षित, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अरविंद कुमार, सचिन कुमार, डॉ. विवेक कुमार मिश्रा, ऋषिपाल सिंह तथा सदानंद सरोज सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Current Media