शाहजहांपुर। मो0आफाक। जनशिकायतों के निस्तारण को लेकर शाहजहांपुर पुलिस ने नई पहल शुरू की है। पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस अधिकारी स्वयं शिकायतकर्ताओं के घर और विवाद स्थलों पर पहुंचकर मामलों का निस्तारण कर रहे हैं। शनिवार को जिले भर में चलाए गए अभियान के दौरान 25 शिकायतों का मौके पर ही समाधान कराया गया।
पुलिस विभाग के अनुसार जनशिकायतों (आईजीआरएस) के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान की निगरानी अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण को सौंपी गई है। इसके तहत क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी प्रतिदिन अपने-अपने क्षेत्रों में निर्धारित स्थानों पर पहुंचकर शिकायतों की सुनवाई और समाधान कर रहे हैं।
शनिवार को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों की मौजूदगी में शिकायतों की जांच की और निष्पक्ष रूप से उनका निस्तारण कराया। इस दौरान भूमि विवाद, आपसी कहासुनी और अन्य स्थानीय समस्याओं से जुड़ी शिकायतों का समाधान किया गया। पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक क्षेत्राधिकारी अपने सर्किल में कम से कम एक स्थान तथा सभी थाना प्रभारी प्रतिदिन कम से कम दो स्थानों पर जाकर शिकायतों की सुनवाई करें।
साथ ही निस्तारण के बाद संबंधित पक्षों से फीडबैक भी लिया जाए, ताकि भविष्य में विवाद की पुनरावृत्ति न हो। पुलिस का कहना है कि इस व्यवस्था से शिकायतकर्ताओं को बार-बार थाने या पुलिस कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं ।
Current Media 