शाहजहाँपुर। मो आफाक। यूपी के शाहजहाँपुर जिले में इन दिनों रसोई गैस उपभोक्ताओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ऑनलाइन गैस बुकिंग सिस्टम ठप होने से लोग सिलेंडर बुक नहीं कर पा रहे हैं, जिसके चलते गैस एजेंसियों के बाहर उपभोक्ताओं की लंबी-लंबी कतारें लग रही हैं। सुबह से ही लोग सिलेंडर लेने की उम्मीद में एजेंसियों पर पहुंच रहे हैं, लेकिन बुकिंग न होने के कारण उन्हें निराश होकर वापस लौटना पड़ रहा है। गैस एजेंसी संचालकों का कहना है कि जब तक ऑनलाइन बुकिंग नहीं होगी, तब तक नियमों के अनुसार सिलेंडर की डिलीवरी संभव नहीं है। इस वजह से उपभोक्ताओं को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। कई लोग घंटों लाइन में लगकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन सिस्टम काम न करने के कारण उनकी समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। बताया जा रहा है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इजरायल, अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव और संभावित युद्ध की स्थिति के कारण तेल और गैस की आपूर्ति प्रभावित हो रही है। इसका असर गैस वितरण व्यवस्था और ऑनलाइन बुकिंग सिस्टम पर भी पड़ रहा है। उपभोक्ताओं का कहना है कि अगर जल्द ही बुकिंग व्यवस्था दुरुस्त नहीं हुई तो घरेलू रसोई पर संकट खड़ा हो सकता है। कई घरों में गैस खत्म होने की स्थिति बन गई है और लोग परेशान हैं। उपभोक्ताओं ने प्रशासन और गैस कंपनियों से जल्द समस्या का समाधान कराने की मांग की है, ताकि लोगों को राहत मिल सके। सरकार का कहना की गैस आपूर्ति अपनी तय श्रृंखला के अनुसार चलती रहेंगी। गैस का पर्याप्त मात्रा में भंडारण है। किसी भी अफवाहों पर ध्यान न दे।

Current Media