Breaking News

मदरसा अरबीया तामीर-ए-मिल्लत दस्तारबंदी व तालीमी मुज़ाहिरा का आयोजन

सैय्यद अतीक उर रहीम
संवाददाता /अलीगढ़

मदरसा अरबीया तामीर-ए-मिल्लत एवं तामीर-ए-मिल्लत इस्लामिया इंटर कॉलेज, दूधपुर में सालाना दस्तारबंदी व तालीमी मुज़ाहिरा बड़े ही उत्साहपूर्ण और जोश भरे माहौल में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में दारुल उलूम देवबंद के वरिष्ठ उस्ताद और प्रसिद्ध आलिम-ए-दीन हज़रत मौलाना सलमान बिजनौरी साहब तथा कारी शफीकुर रहमान बर्नी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उनकी उपस्थिति से कार्यक्रम की शान में इज़ाफ़ा हुआ और छात्रों में विशेष उत्साह देखा गया।
कार्यक्रम की शुरुआत छात्रों की तिलावत-ए-कुरआन से हुई। इसके बाद कारी मोहम्मद अय्यूब, कारी फ़ज़लुर रहमान और मुख्य अतिथि कारी शफीकुर रहमान ने खूबसूरत तिलावत पेश की। नात-ख़्वानी, तक़रीरें, ग्रुप डिस्कशन और विभिन्न शैक्षणिक प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को प्रभावित किया। उपस्थित लोगों ने बच्चों की इल्मी तैयारी, साफ़-शफ़्फ़ाक़ उच्चारण और आत्मविश्वास से भरपूर अंदाज़ को खूब सराहा उन्होंने कहा कि मदरसा शिक्षा के माध्यम से एक सक्षम और जागरूक नई पीढ़ी तैयार कर रहा है।
संस्थान के मैनेजर प्रोफ़ेसर सना उल्लाह ने अपने संबोधन में मदरसे और कॉलेज की स्थापना के इतिहास और उर्दू माध्यम की शिक्षा की अहमियत पर विस्तृत प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, “तामीर-ए-मिल्लत केवल एक शैक्षणिक संस्थान नहीं, बल्कि मिल्लत की फ़िक्री और सांस्कृतिक तहरीक है। यहां साइंस, गणित, सामाजिक विज्ञान, अंग्रेज़ी और कंप्यूटर साइंस जैसे विषय उर्दू माध्यम में पढ़ाए जा रहे हैं, ताकि छात्र मज़बूत बुनियाद के साथ आधुनिक दौर की आवश्यकता को पूरा कर सकें।”
उन्होंने यह भी कहा कि दस्तारबंदी सिर्फ़ परीक्षा में सफलता का जश्न नहीं, बल्कि शिक्षा,नैतिकता और इंसानियत की सेवा की ज़िम्मेदारी है ।
मुख्य अतिथि मौलाना सलमान बिजनौरी ने अपने संबोधन में मौजूदा शैक्षणिक और सामाजिक परिस्थितियों पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि कुछ ताकतें नौजवान पीढ़ी को दीनी पहचान और इस्लामी तहज़ीब से दूर करने की कोशिश कर रही हैं। नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एन ई पी ) पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि इसके ज़रिए मुसलमानों को दीनी शिक्षा मुसलमानों के सच्चे इतिहास और पैगंबर मुहम्मद की शिक्षा से दूर किया जा रहा है।
उन्होंने वैश्विक स्तर पर बढ़ रहे नैतिक पतन और सोशल मीडिया के ज़रिए अश्लीलता परोसे जाने पर ग़हरी चिंता जताई और कहा कि ऐसे हालात में मदरसों की ज़िम्मेदारियाँ और माता पिता की जिम्मेदारियां और अधिक बढ़ जाती हैं।

मौलाना सलमान बिजनौरी ने शिक्षकों की मेहनत को सराहते हुए कहा कि “दस्तार सिर्फ़ सम्मान नहीं, बल्कि एक अमानत है। इसे शिक्षा अख़लाक़ और ख़िदमत-ए-ख़ल्क़ के ज़रिए पूरा कीजिए।”
दुआ के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। मौलाना ने संस्थान की तरक्की, देश में अमन ओ अमान स्थिरता और छात्रो की सफलता के लिए विशेष दुआ की
अंत में प्रिंसिपल मौलाना सगीर अहमद ने बताया कि कार्यक्रम के सफल आयोजन में सभी शिक्षकों, छात्रों और प्रबंधन समिति की बेहतरीन मेहनत शामिल रही। कार्यक्रम के आयोजन में मुफ़्ती मोहम्मद उसामा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

About currentmedia09@gmail.com

Currentmedia.in राष्ट्रीय स्तर पर तेजी से बढ़ती हुई हिंदी समाचार वेबासाइट है। वेबसाइट में ब्यूरोक्रेसी में ताजा घटनाक्रम, देश और समाज के लिए अमूल्य योगदान देने वाले व अपने कार्यो के दम पर अपनी पहचान बनाने वाले आइएएस और आइपीएस अधिकारियों व डॉक्टरो, कानून के जानकारों की रोचक स्टोरी के साथ उनके जीवन संघर्षो पर आधारित निष्पक्ष लेख पाठक को मिलेंगे। वेबसाइट में अन्य क्षेत्रों के भी विश्वसनीय, प्रमाणिक और निष्पक्ष समाचार पाठक वर्ग के लिए उपलब्ध रहेगा, इसके लिए वेबसाइट की ऑनलाइन संपादकीय टीम हर रोज विस्तृत कंटेट अपडेट करती रहेगी। संपादकीय टीम की कोशिश यही रहेगी की न्यूज कंटेट को लेकर पाठक वर्ग को किसी तरह की निराशा हाथ न लगे। साइट 24 घंटे प्रयोग में रहेगी।

Check Also

लोकसभा में महिला आरक्षण बिल पास नहीं करा सकी सरकार

नई दिल्ली। 21 घंटों तक संसद में चली चर्चा के बाद हुई वोटिंग में सरकार …