नई दिल्ली। राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग , भारत सरकार में महत्वपूर्ण नेतृत्व परिवर्तन के तहत श्री हरजीत सिंह ग्रेवाल ने राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष पद का कार्यभार संभाल लिया। वहीं, श्रीमती एस. मनव्वरी बेगम ने आयोग की उपाध्यक्ष (वाइस चेयरपर्सन) के रूप में अपनी जिम्मेदारी ग्रहण की। दोनों पदाधिकारियों के कार्यभार संभालने के अवसर पर सामाजिक, धार्मिक, शैक्षणिक एवं सार्वजनिक जीवन से जुड़ी अनेक प्रतिष्ठित हस्तियों ने कार्यक्रम में उपस्थित होकर उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर उपस्थित गणमान्य लोगों ने उम्मीद जताई कि श्री हरजीत सिंह ग्रेवाल के नेतृत्व में तथा श्रीमती एस. मनव्वरी बेगम के व्यापक अनुभव और सक्रिय भूमिका से राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग अल्पसंख्यक समुदायों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों को और अधिक प्रभावी ढंग से उठाएगा। साथ ही, अल्पसंख्यक समुदायों के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा, शिक्षा के विस्तार, सामाजिक एवं आर्थिक विकास, रोजगार के अवसरों तथा समान अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में आयोग अपनी भूमिका को और मजबूत करेगा।
कार्यक्रम में मौलाना सालिस सिद्दीकी, मुजाहिद अख्तर, मौलाना हारिस अज़ीम, मोइन अहमद मोहम्मद आसिफ , खान मोहम्मद अदिल सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ताओं, शिक्षाविदों, धार्मिक एवं सामुदायिक प्रतिनिधियों तथा गणमान्य नागरिकों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और नवनियुक्त अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष को बधाई दी।
इस अवसर पर राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग की नवनियुक्त उपाध्यक्ष श्रीमती एस. मनव्वरी बेगम ने कहा कि अल्पसंख्यक समुदायों का सर्वांगीण विकास उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार, महिला सशक्तिकरण और युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएंगे, ताकि अल्पसंख्यक समुदायों के बच्चों और युवाओं को आगे बढ़ने के अधिक से अधिक अवसर मिल सकें।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ की भावना के साथ देश के सभी वर्गों के विकास के लिए कार्य कर रही है। सरकार द्वारा शिक्षा, कौशल विकास, स्वरोजगार और सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों का लाभ अल्पसंख्यक समुदायों तक पहुंचाना और उनके विकास को गति देना आयोग की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होगी।
श्रीमती एस मनव्वरी बेगम ने यह भी कहा कि वह आयोग के माध्यम से अल्पसंख्यक समुदायों की वास्तविक समस्याओं को समझने, उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित करने तथा शिक्षा और विकास के अवसरों को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगी।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने विश्वास व्यक्त किया कि नए नेतृत्व के साथ राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग अल्पसंख्यक समुदायों के अधिकारों एवं हितों की रक्षा के साथ-साथ उनके शैक्षणिक, सामाजिक और आर्थिक विकास के लिए नई पहल को बढ़ावा देगा। उन्होंने कहा कि आयोग और विभिन्न अल्पसंख्यक समुदायों के बीच बेहतर संवाद स्थापित होने से समुदायों की समस्याओं के समाधान और उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ने में महत्वपूर्ण मदद मिलेगी।
समारोह के अंत में उपस्थित लोगों ने श्री हरजीत सिंह ग्रेवाल और श्रीमती एस. मनव्वरी बेगम को उनके नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि उनके नेतृत्व में राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग देश के अल्पसंख्यक समुदायों के हितों और विकास के लिए प्रभावी एवं सकारात्मक भूमिका निभाएगा।

Current Media