Breaking News

57वीं प्रादेशिक फल, शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी-2026 का उद्घाटन

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने आज जन प्रांगण, लखनऊ में आयोजित 57वीं प्रादेशिक फल, शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी-2026 का उद्घाटन माननीय राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उद्यान एवं कृषि विपणन श्री दिनेश प्रताप सिंह जी की गरिमामयी उपस्थिति में किया तथा प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। इस अवसर पर राज्यपाल जी ने प्रदेश के प्रगतिशील किसानों को सम्मानित भी किया।


राज्यपाल जी ने प्रदर्शनी में प्रतिभाग करने वाले सभी विभागों, संस्थानों, किसानों, विद्यार्थियों एवं आयोजकों को बधाई देते हुए कहा कि इस वर्ष प्रदर्शनी में रचनात्मकता और नवाचार स्पष्ट रूप से परिलक्षित हो रहा है। उन्होंने कहा कि पुष्प सज्जा केवल गमलों तक सीमित न होकर विचार एवं संदेश देने वाली होनी चाहिए, जिससे समाज में सकारात्मक संदेश पहुँचे।
राज्यपाल जी ने कहा कि खेती, पशुपालन एवं उद्यानिकी के क्षेत्र में वैज्ञानिक ज्ञान का व्यावहारिक उपयोग अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने ड्रिप इरिगेशन, डेयरी विकास, महिला सहभागिता एवं तकनीक आधारित कृषि की आवश्यकता पर जोर दिया। साथ ही महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, बचत की आदत विकसित करने एवं पोषणयुक्त आहार को बढ़ावा देने की अपील की।
उन्होंने कहा कि किसानों, विशेषकर महिलाओं एवं युवाओं को प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन प्रदान कर कृषि एवं पशुपालन को अधिक लाभकारी बनाया जा सकता है। उन्होंने सुझाव दिया कि कृषि विश्वविद्यालयों एवं संबंधित विभागों को अन्य राज्यों के सफल मॉडलों से सीख लेकर उन्हें उत्तर प्रदेश में लागू करना चाहिए। इसी क्रम में उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के कृषि विश्वविद्यालयों, पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशु चिकित्सा विज्ञान एवं गौ अनुसंधान संस्थान , मथुरा तथा उद्यान विभाग के मंत्री को तीन से चार दिनों के लिए गुजरात स्थित बनास डेयरी का भ्रमण कर वहाँ ठहरकर उसके कार्यप्रणाली को सीखते हुए उसे आत्मसात करना चाहिए।


राज्यपाल जी ने प्रदर्शनी की अवधि एक दिन बढ़ाने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि सोमवार को भी स्कूलों के बच्चे एवं अन्य दर्शक प्रदर्शनी का अवलोकन कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी प्रदर्शनी से संबंधित पेंटिंग, कविता एवं निबंध तैयार कर जन भवन भेजें।
कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल जी द्वारा डाक विभाग के माध्यम से 57वीं प्रादेशिक फल, शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी पर आधारित विशेष आवरण, विरूपण तथा पिक्चर कार्ड का विमोचन किया गया। इसके साथ ही पोस्ट क्रॉसिंग वेलफेयर सोसाइटी ऑफ इंडिया, प्रयागराज द्वारा जन भवन उत्तर प्रदेश के विशिष्ट वास्तु-शिल्प एवं जन भवन परिसर में उपलब्ध पादप एवं वनस्पतियों की थीम पर आधारित “रंगीन पोस्टकार्ड” का भी विमोचन किया गया।
इस अवसर पर उद्यान विभाग द्वारा प्रादेशिक फल, शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी पर आधारित स्मारिका का विमोचन भी किया गया। कार्यक्रम में किसानों ने भी अपने अनुभव साझा किए।


इस बार विशेष रुप से राजपूत रेजिमेन्ट द्वारा प्रदर्शित किये जाने वाले आधुनिक हथियार व ड्रोन लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केन्द्र बने हुए है । फौज के जवानों द्वारा हथियारों , रोबोट व ड्रोन के बारे में विस्तार से जनता को बताया जा रहा है । इसमें 1971 की लड़ाई में पाकिस्तान से ज़ब्त की हुई वस्तुओं के फोटोग्राफ भी प्रदर्शित किये गये है ।
कार्यक्रम में विशेष कार्याधिकारी (अपर मुख्य सचिव स्तर) डॉ. सुधीर महादेव बोबडे, कृषि उत्पादन आयुक्त श्री दीपक कुमार, अपर मुख्य सचिव (उद्यान) श्री बी.एल. मीणा, मंडल आयुक्त, लखनऊ श्री विजय विश्वास पंत, निदेशक उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण श्री भानु प्रकाश राम सहित जन भवन एवं उद्यान विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारीगण तथा बड़ी संख्या में दर्शकगण उपस्थित रहे।

About currentmedia09@gmail.com

Currentmedia.in राष्ट्रीय स्तर पर तेजी से बढ़ती हुई हिंदी समाचार वेबासाइट है। वेबसाइट में ब्यूरोक्रेसी में ताजा घटनाक्रम, देश और समाज के लिए अमूल्य योगदान देने वाले व अपने कार्यो के दम पर अपनी पहचान बनाने वाले आइएएस और आइपीएस अधिकारियों व डॉक्टरो, कानून के जानकारों की रोचक स्टोरी के साथ उनके जीवन संघर्षो पर आधारित निष्पक्ष लेख पाठक को मिलेंगे। वेबसाइट में अन्य क्षेत्रों के भी विश्वसनीय, प्रमाणिक और निष्पक्ष समाचार पाठक वर्ग के लिए उपलब्ध रहेगा, इसके लिए वेबसाइट की ऑनलाइन संपादकीय टीम हर रोज विस्तृत कंटेट अपडेट करती रहेगी। संपादकीय टीम की कोशिश यही रहेगी की न्यूज कंटेट को लेकर पाठक वर्ग को किसी तरह की निराशा हाथ न लगे। साइट 24 घंटे प्रयोग में रहेगी।

Check Also

रबीउल अव्वल में रक्तदान अभियान #ProphetForAll

लखनऊ । एएमपी (एसोसिएशन फार मुस्लिम) द्वारा #ProphetForAll अभियान के तहत इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया, …