शाहजहांपुर। मुबारक अली । गर्रा नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अरविंद कुमार ने गर्रा नदी के बाढ़ प्रभावित और संवेदनशील क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया।

मनफूल कॉलोनी में नाले पर बाढ़ का पानी आबादी की ओर आने से रोकने के लिए फ्लैप गेट लगवाया गया। वहीं अजीजगंज स्थित ककरा पुल और शहवेजपुर क्षेत्र का निरीक्षण कर अधिकारियों को नदी के जलस्तर और संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी के निर्देश दिए गए। शहवेजपुर में कलवर्ट को मिट्टी डालकर बंद कराया गया, ताकि नदी का पानी आबादी की ओर न आ सके।
प्रशासन के मुताबिक जिले की सभी प्रमुख नदियां फिलहाल खतरे के निशान से नीचे हैं। बाढ़ की संभावित स्थिति से निपटने के लिए 65 बाढ़ चौकियां सक्रिय, 54 बाढ़ शरणालय चिन्हित और 12 मेडिकल टीमें गठित की गई हैं। कलान और जलालाबाद में नाव एवं मोटरबोट भी उपलब्ध कराई गई हैं।
अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाढ़ की स्थिति में राहत और बचाव कार्यों में किसी तरह की देरी न हो और सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें।
आपातकालीन हेल्पलाइन
📞 05842-462754
📞 05842-351037
📞 05842-351038
Current Media 