शाहजहांपुर। मो आफाक । यूपी के शाहजहांपुर जनपद में कानून-व्यवस्था को मजबूत और पुलिसिंग को अधिक पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक ने थाना रोजा व थाना सेहरामऊ दक्षिणी का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए सख्त निर्देश जारी किए। एसपी ने थाना परिसर की साफ-सफाई, बैरक, शौचालय और पेयजल व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने संबंधित कर्मियों को निर्देशित किया कि परिसर को स्वच्छ व सुव्यवस्थित रखना प्राथमिकता में शामिल किया जाए। कार्यालय अभिलेखों की जांच के दौरान अपराध रजिस्टर, जीडी, बीट बुक, हिस्ट्रीशीटर, टॉप-10 अपराधियों की सूची, गुंडा व गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई, वारंट-समन की तामील और लंबित विवेचनाओं की समीक्षा की गई। एसपी ने लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण, वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी और अपराध नियंत्रण के लिए प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। महिला हेल्प डेस्क का निरीक्षण करते हुए उन्होंने महिलाओं से संबंधित शिकायतों के निस्तारण में संवेदनशीलता और प्राथमिकता बरतने पर जोर दिया। साथ ही सीसीटीएनएस कक्ष, मालखाना, शस्त्रागार और बंदीगृह का निरीक्षण कर रिकॉर्ड अपडेट रखने, शस्त्रों की नियमित जांच और बंदियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बीट पुलिसिंग, रात्रि गश्त और बैंक व संवेदनशील स्थानों की चेकिंग की समीक्षा करते हुए एसपी ने बीट प्रभारियों को क्षेत्र में सक्रिय रहकर सूचना तंत्र मजबूत करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और फरियादियों की शिकायतों का त्वरित, निष्पक्ष व पारदर्शी निस्तारण हर हाल में सुनिश्चित किया जाए।
Current Media