ललितपुर। सूरज राजपूत । जनपद में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना जखौरा पुलिस ने जान से मारने की नीयत से मारपीट करने और तमंचे से फायरिंग करने के मामले में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक देशी तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, ग्राम नदनवारा निवासी दीपक राजा पुत्र करतार सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी कि विपक्षियों ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की नीयत से मारपीट की और तमंचे से फायरिंग की। शिकायत के आधार पर थाना जखौरा में मुकदमा अपराध संख्या 292/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 109(1), 191(2), 191(3), 115(2), 352 और 351(3) में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच और आरोपियों की तलाश शुरू की।
इसी क्रम में 24 नवंबर 2026 को थाना जखौरा पुलिस ने वांछित आरोपी विक्रम राजा पुत्र स्वर्गीय भगवान सिंह (करीब 32 वर्ष), निवासी ग्राम नदनवारा को गांव से देवरान घाट जाने वाले मार्ग के पास से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 315 बोर का देशी तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार बाजपेई के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह तथा क्षेत्राधिकारी सदर अजय कुमार के पर्यवेक्षण में की गई इस कार्रवाई को पुलिस की अपराधियों के विरुद्ध चल रही मुहिम का हिस्सा बताया गया है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना प्रभारी निरीक्षक दीपक कुमार और बांसी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक बलराम शर्मा मय पुलिस टीम शामिल रहे।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया की है।

Current Media