शाहजहांपुर। मुबारक अली । कलान थाना क्षेत्र में सूखे कुएं में मिले सिर कटे शव के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण भवरे दीक्षा ने बताया कि जिस शव को पहले विनोद उर्फ बाबा का समझा जा रहा था, वह दरअसल निगोही क्षेत्र के ऐंठापुर निवासी दृष्टिबाधित राजपाल का था। विनोद उर्फ बाबा ने खुद को मुकदमों से बचाने और गांव के कुछ लोगों को हत्या के झूठे मुकदमे में फंसाने के लिए अपने परिजनों और साथियों के साथ मिलकर साजिश रची थी।
पुलिस के मुताबिक, विनोद उर्फ बाबा ने तंत्र-मंत्र के जरिए राजपाल को अपने जाल में फंसाया। इसके बाद बदायूं निवासी अपने दो साथियों विकास और ओमपाल के साथ मिलकर उसकी गला काटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद राजपाल का सिर अटैना घाट पर गंगा में फेंक दिया और धड़ को ग्राम सिउड़ी के पास एक सूखे कुएं में डाल दिया। शव के पास विनोद का आधार कार्ड और अन्य सामान रखकर उसकी पहचान विनोद के रूप में कराने की कोशिश की गई।
17 नवंबर को कुएं में सिर कटा शव मिलने के बाद विनोद की पत्नी पूजा ने गांव के नौ लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस की जांच में सामने आया कि यह पूरा घटनाक्रम गांव के लोगों को फंसाने और विनोद को मुकदमों से बचाकर कही और शिफ्ट कर के रहने की थी, साज़िश
पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर 23 नवंबर की रात आंधीदेई के आगे नौसना मड़ैया के पास से मुख्य आरोपी विनोद उर्फ बाबा और उसके दो साथियों विकास व ओमपाल को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल गड़ासा, ईंट का आधा टुकड़ा, घड़ी, ब्लूटूथ, विकलांगता कार्ड, 3002 रुपये नकद, 15 पीले रंग के सिक्के और वारदात में इस्तेमाल हुंडई ऑरा कार बरामद की गई है।
एएसपी ग्रामीण भवरे दीक्षा के अनुसार, मामले की जांच में विनोद के परिवार के सात अन्य सदस्यों की भूमिका भी सामने आई है। पुलिस ने मुकदमे में नामजद लोगों के नाम हटाकर विनोद उर्फ बाबा सहित कुल दस लोगों के नाम प्रकाश में आए अभियुक्तों के रूप में शामिल किए हैं। गिरफ्तार तीनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

Current Media