झांसी। राशिद पठान। झांसी की सनफ्रान अशोक सिटी कॉलोनी में चोरी की नीयत से घुसे बदमाशों के मामले में झांसी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना नवाबाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुख्यात कच्छा-बनियान गैंग के एक आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, चोरी में इस्तेमाल होने वाले औजार, ₹700 नकद और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार 05/06 जुलाई 2026 की रात कुछ अज्ञात बदमाश सनफ्रान अशोक सिटी कॉलोनी में चोरी की नीयत से घुसे थे। कॉलोनीवासियों के विरोध करने पर बदमाश फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए थे। इस संबंध में आरडब्ल्यूए अध्यक्ष की तहरीर पर थाना नवाबाद में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना के खुलासे के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक झांसी के निर्देश पर पुलिस की दो विशेष टीमें गठित की गई थीं। जांच और तलाश के दौरान 10 जुलाई 2026 को थाना नवाबाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले से जुड़े कच्छा-बनियान गैंग के एक सदस्य को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी के पास से एक देशी तमंचा .315 बोर, एक मिस कारतूस, एक खोखा कारतूस, एक पिट्ठू बैग, हथौड़ा, सरिया, कटर, पेचकस, चाकू, टायर खोलने वाली रॉड, ₹700 नकद तथा एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।

Current Media