Breaking News

संस्कारवान बेटियाँ ही उज्ज्वल और सशक्त समाज की आधारशिला हैं – सबीहा अहमद

लखनऊ। वर्तमान समय में जब नई पीढ़ी नैतिक, वैचारिक और सामाजिक चुनौतियों का सामना कर रही है, ऐसे में अध्यात्म एवं नैतिक शिक्षा पर आधारित गतिविधियाँ समाज में नई आशा का संचार कर रही हैं। इसी उद्देश्य से इक़रा पब्लिक स्कूल, बिजनौर, लखनऊ तथा अल-कुरआन इंस्टीट्यूट के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित सात दिवसीय समर क्लासेज़ के समापन समारोह एवं पुरस्कार वितरण कार्यक्रम का आयोजन नई मस्जिद, मदरसा पटवारी मोहल्ला, कस्बा बिजनौर, लखनऊ के सभागार में किया गया।


कार्यक्रम की मुख्य अतिथि लखनऊ इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी की निदेशक तथा सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड की पूर्व सदस्य श्रीमती सबीहा अहमद थीं, जबकि अध्यक्षता इक़रा पब्लिक स्कूल के प्रबंधक डॉ. अब्दुल कुद्दूस हाशमी ने की। समारोह में तीन केंद्रों की छात्राओं, महिलाओं, शिक्षकों, अभिभावकों तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया।
अपने संबोधन में सबीहा अहमद ने डॉ. अब्दुल कुद्दूस हाशमी, कमर आलम नदवी तथा उनकी पूरी टीम को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि इस तरह के समर क्लासेज़ छात्राओं और महिलाओं में आध्यात्मिक चेतना, नैतिक मूल्यों, सामाजिक उत्तरदायित्व तथा सकारात्मक चरित्र निर्माण का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि आज के दौर में शिक्षा के साथ आत्मनिर्भरता भी अत्यंत आवश्यक है। इसलिए छात्राओं को ऐसे कौशल सिखाए जाने चाहिए, जिनके माध्यम से वे सम्मानपूर्वक और स्वावलंबी जीवन जी सकें। उन्होंने आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली छात्राओं की शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।
अध्यक्षीय संबोधन में डॉ. अब्दुल कुद्दूस हाशमी ने कहा कि किसी भी राष्ट्र की प्रगति उसकी महिलाओं की शिक्षा और संस्कार पर निर्भर करती है। एक शिक्षित एवं चरित्रवान महिला वास्तव में पूरी पीढ़ी की निर्माता होती है। उन्होंने कहा कि आधुनिक शिक्षा के साथ अध्यात्म एवं नैतिक प्रशिक्षण भी अनिवार्य है, क्योंकि सुदृढ़ चरित्र, ईमानदारी, न्यायप्रियता और मानवता ही एक आदर्श एवं शांतिपूर्ण समाज की नींव हैं। उन्होंने अभिभावकों से विशेष रूप से बेटियों के चरित्र निर्माण पर ध्यान देने का आग्रह किया, ताकि आने वाली पीढ़ियाँ ज्ञान के साथ उच्च नैतिक मूल्यों से भी संपन्न हों।
अल-कुरआन इंस्टीट्यूट के इंचार्ज कमर आलम नदवी ने संस्थान का परिचय देते हुए कहा कि समर क्लासेज़ का उद्देश्य नई पीढ़ी को आध्यात्मिक शिक्षाओं, के साथ संस्कृति, सदाचार और आदर्श चरित्र से परिचित कराना है, जिससे वे वैचारिक भ्रम और सामाजिक बुराइयों से सुरक्षित रह सकें। मंज़ूर आलम नदवी ने उपयोगी ज्ञान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वास्तविक सफलता उसी शिक्षा में है, जो मनुष्य को अपने ईश्वर, अपने माता-पिता और समस्त मानवता के अधिकारों का निर्वहन करने की प्रेरणा दे।


इसके उपरांत मुख्य अतिथि सबीहा अहमद ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार, स्मृति-चिह्न, प्रमाण-पत्र तथा ज्ञानवर्धक पुस्तकें प्रदान कीं। साथ ही सभी प्रतिभागियों को भी पदक, प्रमाण-पत्र और पुस्तकें देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ श्रीमती खुशनुमा अंसारी द्वारा कुरआन पाठ एवं नात-ए-पाक से हुआ।
अंत में क़मर आलम नदवी ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, अभिभावकों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

About CURRENT MEDIA

Currentmedia.in राष्ट्रीय स्तर पर तेजी से बढ़ती हुई हिंदी समाचार वेबासाइट है। वेबसाइट में ब्यूरोक्रेसी में ताजा घटनाक्रम, देश और समाज के लिए अमूल्य योगदान देने वाले व अपने कार्यो के दम पर अपनी पहचान बनाने वाले आइएएस और आइपीएस अधिकारियों व डॉक्टरो, कानून के जानकारों की रोचक स्टोरी के साथ उनके जीवन संघर्षो पर आधारित निष्पक्ष लेख पाठक को मिलेंगे। वेबसाइट में अन्य क्षेत्रों के भी विश्वसनीय, प्रमाणिक और निष्पक्ष समाचार पाठक वर्ग के लिए उपलब्ध रहेगा, इसके लिए वेबसाइट की ऑनलाइन संपादकीय टीम हर रोज विस्तृत कंटेट अपडेट करती रहेगी। संपादकीय टीम की कोशिश यही रहेगी की न्यूज कंटेट को लेकर पाठक वर्ग को किसी तरह की निराशा हाथ न लगे। साइट 24 घंटे प्रयोग में रहेगी।

Check Also

जनता में जो आक्रोश है, भाजपा उससे भयभीत है – अखिलेश यादव

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने कहा है …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *