झांसी। सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के माली का हाता मसीहागंज में युवक के साथ बेरहमी से मारपीट और लूट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें आरोपी खुलेआम मारपीट करते हुए धमकी देता नजर आ रहा है। पीड़ित की मां ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है।
मसीहागंज निवासी शमशाद बेगम पत्नी स्व. सिराज मोहम्मद ने बताया कि घटना 10 अक्टूबर को दोपहर करीब 3:15 बजे की है। उनका पुत्र आदिल रोज की तरह मैला की टोरिया के पास खदान में शौच करने गया था। वहां से लौटते समय रक्सा थाना क्षेत्र के ग्राम डेली निवासी राजू अहिरवार पुत्र किच्चू अहिरवार ने उसे रोक लिया और गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपी ने उसकी जेब से 300 रुपये निकाल लिए।
पीड़िता के अनुसार जब आदिल खदान से बाहर निकलकर सड़क पर आया तो आरोपी ने उसे दोबारा रोका और पास में पड़ी गैस की लेजम से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। लेजम से पीटने के कारण आदिल की पीठ, चेहरे और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आई हैं और जगह-जगह निशान बन गए हैं।
शोर-गुल सुनकर जब पीड़ित का छोटा भाई सलमान मौके पर पहुंचा तो आरोपी ने उसके साथ भी धक्का-मुक्की और गाली-गलौज की। बताया जा रहा है कि पूरी घटना का वीडियो भी बनाया गया है जो अब वायरल हो रहा है। वीडियो में आरोपी युवक को पीटते हुए और धमकाते हुए साफ दिखाई दे रहा है।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि आरोपी ने धमकी दी है कि अगर पुलिस में शिकायत की तो वह एससी/एसटी एक्ट के तहत झूठा मुकदमा दर्ज कराकर जेल भिजवा देगा। उसकी ऊपर तक पहुंच है।
इस घटना के बाद से पीड़ित परिवार दहशत में है। पीड़िता ने एसएसपी से आरोपी राजू अहिरवार के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने और परिवार को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है।
Current Media 