फर्रुखाबाद । विश्व प्रकाश चर्तुवेदी। शनिवार को जनपद फर्रुखाबाद के जहानगंज थाना क्षेत्र में एक 55 वर्षीय व्यक्ति का शव घर से कुछ दूर मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक के सिर के पिछले हिस्से में चोट के निशान मिलने पर परिजनों ने गोली मारकर हत्या किए जाने की आशंका जताई है। सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल कर जरूरी साक्ष्य एकत्रित किए। फिलहाल मौत की असल वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

घर से कुछ दूरी पर मिला शव, पड़ोसी ने दी परिजनों को सूचना
पूरा मामला जहानगंज थाना क्षेत्र के चौकी महमदपुर गांव का है। शनिवार रात करीब एक बजे 55 वर्षीय अवधेश वर्मा का शव घर से कुछ दूरी पर पड़ा मिला। बताया गया कि पड़ोस में रहने वाले सानू ने सबसे पहले शव को देखा और इसकी जानकारी परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव को उठाकर घर ले आए। इसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।
सिर पर चोट के निशान, परिजनों ने जताई आशंका
मृतक की पहचान छेदालाल के पुत्र अवधेश वर्मा के रूप में हुई। परिजनों के अनुसार, उनके सिर के पिछले हिस्से में चोट के निशान थे। सिर पर गोली लगने जैसा निशान दिखाई देने की बात भी सामने आई है। इसी आधार पर परिजनों ने गोली मारकर हत्या किए जाने की आशंका जताई है। हालांकि, अभी तक गोली लगने या हत्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलने पर चौकी प्रभारी जसवीर सिंह मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। जहानगंज थाना प्रभारी ब्रजमोहन को भी मामले की जानकारी दी गई। इसके बाद फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की और जरूरी साक्ष्य जुटाए।
तीन भाइयों में एक थे अवधेश,पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
अवधेश वर्मा की मौत की सूचना पर पत्नी सुनीता देवी समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं परिजनों ने जानकारी देते हुए बताया कि मृतक के दो भाई बृजेश और कमलेश है। इस पूरे मामले पर पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही असल स्थिति साफ होगी।
Current Media 