लखनऊ। ऑल इंडिया जमीयतुल कुरैश के जिला अध्यक्ष शहजाद कुरैशी द्वारा प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया, जिसमें शहर की विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने विशेष रूप से भाग लिया। प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए शहजाद कुरैशी ने कहा कि मुस्लिम स्थानों, कब्रिस्तानों और मिल्ली व सामाजिक संस्थाओं के खिलाफ अफवाहें फैलाने, बेबुनियाद आरोप लगाने और झूठे आवेदन देकर माहौल खराब करने वाले शरारती तत्वों के खि़लाफ पूरी ताकत और एकजुटता के साथ आवाज़ उठाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि अफसोस की बात है कि कुछ लोग आज तक मुस्लिम स्थानों और सामाजिक संस्थाओं के विकास, सुरक्षा और बेहतरी के लिए कभी आगे नहीं आए, लेकिन जब भी किसी मुस्लिम स्थान या संस्था का मामला सामने आता है तो ये लोग बेबुनियाद बातें फैलाने, झूठी शिकायतें करने और लोगों को गुमराह करने में सबसे आगे नजर आते हैं। ऐसे तत्वों का मकसद सामाजिक एकता को कमजोर करना और मुस्लिम समाज के अंदर गलतफहमियां पैदा करना है।
शहजाद कुरैशी ने आगे कहा कि मुस्लिम स्थान और वक्फ की संपत्तियां जनता की साझा अमानत हैं। इनकी सुरक्षा और विकास हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। जो लोग वास्तव में समाज की भलाई चाहते हैं, उन्हें चाहिए कि वे रचनात्मक कार्यों में हिस्सा लें, न कि बेबुनियाद आरोपों और अफवाहों के जरिए समाज में अशांति पैदा करें।
उन्होंने कड़े शब्दों में कहा कि इन सभी गतिविधियों के पीछे जो असली मास्टरमाइंड हैं, उन्हें भी बेनकाब किया जाएगा और उनके खिलाफ कानूनी दायरे में रहते हुए उचित कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों से मांग की जाएगी। अब ऐसे तत्वों की मनमानी और समाज को गुमराह करने की कोशिशों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
शहजाद कुरैशी ने सभी सामाजिक संगठनों और जिम्मेदार लोगों से अपील करी कि वे आपसी मतभेदों को भुलाकर कब्रिस्तानों और मिल्ली संस्थाओं की सुरक्षा के लिए एकजुट हों तथा किसी भी अफवाह या बेबुनियाद आरोप पर विश्वास करने के बजाय तथ्यों के आधार पर अपना पक्ष रखें। उन्होंने कहा कि हमारा संघर्ष किसी व्यक्तिगत स्वार्थ के लिए नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, न्याय, अधिकारों की रक्षा और सामुदायिक संपत्तियों के संरक्षण के लिए है।

Current Media