शाहजहांपुर। मुबारक अली । सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी अरविंद कुमार पांडेय शाहजहांपुर पहुंचकर मतदाता पुनरीक्षण अभियान के तहत विभिन्न बूथों का निरीक्षण किया। उन्होंने कम्पोजिट विद्यालय हथौड़ा, गन्ना शोध परिषद और प्राथमिक विद्यालय लालपुर में बनाए गए बूथों पर पहुंचकर अभियान की प्रगति परखी।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने बीएलओ और सुपरवाइजर से नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, मृतक मतदाताओं के नाम हटाने और दूसरे स्थानों पर निवास कर रहे मतदाताओं की स्थिति के बारे में जानकारी ली। साथ ही फॉर्म-6, 7 और 8 तथा ऑनलाइन प्राप्त आवेदनों के निस्तारण की प्रगति भी जानी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन के कार्य में पूरी सावधानी बरती जाए। चिन्हित मतदाताओं का सत्यापन भी गंभीरता से किया जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
अरविंद कुमार पांडेय ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव इसी मतदाता सूची के आधार पर कराया जाएगा। इसलिए सूची पूरी तरह त्रुटिरहित होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शुद्ध मतदाता सूची से ही स्वच्छ और पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित किया जा सकता है।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र, नगर मजिस्ट्रेट रजनीकांत, एसडीएम सदर प्रभात राय सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
Current Media 