ललितपुर। सूरज राजपूत । जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सांसद अनुराग शर्मा की सदारत में आयोजित हुई। बैठक में केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, निर्माण कार्यों और विभागीय प्रगति का जायजा लिया गया। सांसद ने विकास कार्यों में सुस्ती, लापरवाही और मनमानी पर कड़ा रुख अपनाते हुए अफसरों को जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए ।
बैठक की शुरुआत में जिलाधिकारी सत्य प्रकाश, पुलिस अधीक्षक मो. मुश्ताक और मुख्य विकास अधिकारी शेषनाथ चौहान को उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके बाद विभागवार समीक्षा के दौरान सांसद ने कहा कि आगामी 1 जुलाई से शुरू हो रही वीवीजीरामजी योजना का ग्राम स्तर तक व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए तथा शिविर लगाकर अधिक से अधिक श्रमिकों के ई-श्रम कार्ड बनाए जाएं।

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की समीक्षा में बताया गया कि कुछ मार्गों पर वन एवं सिंचाई विभाग की एनओसी लंबित है। इस पर सांसद ने विभागों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित कर बाधाएं दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मड़ावरा विकासखंड के 200 आबादी वाले तथा अन्य ब्लॉकों के 500 आबादी वाले मजरों को पक्की सड़कों से जोड़ने के लिए तत्काल सर्वे कर सूची तैयार की जाए।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की समीक्षा में जिलाधिकारी की स्वयं सहायता समूहों को दुग्ध उत्पादन से जोड़ने की पहल की सांसद ने सराहना की। उन्होंने अग्रणी बैंक प्रबंधक को निर्देश दिए कि समूहों के लंबित ऋण प्रकरणों का जल्द निस्तारण कर खाते खुलवाए जाएं, ताकि महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाया जा सके।
विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में जेई और लाइनमैनों की मनमानी की शिकायतें सामने आने पर सांसद ने अधिशासी अभियंता को फटकार लगाते हुए कार्यक्षेत्रों में बदलाव करने तथा नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही बुनकरों को एक रुपये प्रति यूनिट बिजली योजना से लाभान्वित किए गए लोगों की सूची भी तलब की।
हर घर नल योजना की समीक्षा में तुर्का, बानपुर, भैलोनीलोध, बालाबेहट सहित कई गांवों में पेयजल संकट और खराब सड़कों का मामला उठाया गया। सांसद ने एडीएम नमामि गंगे को मौके पर जाकर समस्याओं का समाधान कराने की जिम्मेदारी सौंपी। वहीं शहर की पेयजल परियोजना में घोर लापरवाही पाए जाने पर जल निगम (शहरी) के अवर अभियंता अवनीश मिश्र को कड़ी फटकार लगाते हुए पेयजल आपूर्ति सुचारु कराने और सड़क मरम्मत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में पोस्टमार्टम के नाम पर अवैध वसूली की शिकायत सामने आने पर संबंधित बाबू को तत्काल पटल से हटाने के निर्देश दिए गए। साथ ही खराब पड़े हेल्थ एटीएम तत्काल दुरुस्त कराने को कहा गया।
निर्माण एजेंसी यूपीसीएनडीएफ के धीमे कार्यों पर सांसद और जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी जताई। एजेंसी को चेतावनी दी गई कि यदि निर्माण कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं हुई तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। सांसद ने सभी निर्माण कार्यों पर शिलापट्टिका लगाने और उस पर जनप्रतिनिधियों के नाम अंकित करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में फार्मर आईडी, आदर्श ग्राम योजना, खनन, मनरेगा तथा अन्य विकास योजनाओं की भी समीक्षा की गई। सांसद ने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में किसी भी स्तर की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्रत्येक विभाग तय समय सीमा में जनता से जुड़े कार्यों को मुकम्मल करे। बैठक में जनप्रतिनिधियों के साथ विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
Current Media 