झांसी। राशिद पठान। युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दीपक शिवहरे ने प्रेस वार्ता कर “बेहतर झांसी” अभियान की शुरुआत की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह अभियान झांसी की जनता की रोजमर्रा की समस्याओं को केंद्र में रखकर चलाया जाएगा, जिसका उद्देश्य केवल समस्याएं उठाना नहीं बल्कि प्रशासनिक जवाबदेही तय कर जनता को सम्मानजनक जीवन दिलाना है ।

प्रेस वार्ता के दौरान दीपक शिवहरे ने कहा कि शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली कटौती, पेयजल संकट, स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली, जाम, आवारा पशुओं और सफाई जैसी समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग समाधान के बजाय केवल आश्वासन दे रहे हैं।
उन्होंने बताया कि “बेहतर झांसी” अभियान के तहत कार्यकर्ता अलग-अलग क्षेत्रों में जाकर लोगों से सीधे संवाद करेंगे और उनकी समस्याओं का दस्तावेज तैयार करेंगे। इसके बाद संबंधित विभागों पर समाधान के लिए जनदबाव बनाया जाएगा।
दीपक शिवहरे ने कहा कि यह अभियान केवल विरोध तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि जनता की समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए संगठित जनसंघर्ष खड़ा करेगा। उन्होंने कहा कि झांसी की जनता अब मूलभूत सुविधाओं के लिए आवाज बुलंद करने को तैयार है और “बेहतर झांसी” अभियान उसी जनआवाज का मंच बनेगा ।
Current Media