Breaking News

‘‘यूपीआईटीएस-2025‘‘ में दिखेगा परंपरा और निवेश अवसरों का संगम – जयवीर सिंह

लखनऊ । उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट में आयोजित होने वाले उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रे
ड शो-2025 (यूपीआईटीएस) में एक विशेष पवेलियन प्रदर्शित करेगा। इस पवेलियन में राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर, पर्यटन निवेश संभावनाएं और आर्थिक प्रगति को प्रमुख रूप से दर्शाया जाएगा। पर्यटन और संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य पर्यटन क्षेत्र को राज्य सरकार के महत्वाकांक्षी वन ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था के लक्ष्य में एक अहम भागीदार के रूप में प्रस्तुत करना है।
पर्यटन मंत्री ने बताया कि यूपीआईटीएस-2025 में नीति निर्माता, वैश्विक निवेशक, कारोबारी, शैक्षणिक प्रतिनिधि और अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल सहित पर्यटन क्षेत्र से जुड़ी प्रमुख हस्तियां भाग लेंगी। इस दौरान राज्य में निवेश और पर्यटन के नए अवसरों पर व्यापक विमर्श किया जाएगा।
जयवीर सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो-2025 (यूपीआईटीएस-2025) के पवेलियन को इस बार पूरी तरह से इमर्सिव और पर्यावरण-अनुकूल रूप में तैयार किया जा रहा है। इस पवेलियन में डिजिटल स्टोरीटेलिंग, एआर/वीआर आधारित डिस्प्ले, ऑटो-नेविगेशन कियोस्क और सेल्फी जोन जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। आगंतुकों के सांस्कृतिक अनुभव के लिए ब्रज का मयूर नृत्य, सोनभद्र और लखीमपुर के जनजातीय नृत्य, झांसी का बुंदेली नृत्य और लखनऊ घराने की कथक प्रस्तुतियां होंगी। यह पवेलियन राज्य की विविधता और परंपरा को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित करेगा।


पर्यटन मंत्री ने बताया कि उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग अपने मोबाइल ऐप के प्रचार पर विशेष ध्यान देगा। ऐप में क्यूआर-कोड के माध्यम से डाउनलोड की सुविधा उपलब्ध होगी और यह उपयोगकर्ताओं को आध्यात्मिक, बौद्ध, ग्रामीण और वेलनेस पर्यटन के लिए विशेष रूप से तैयार यात्रा कार्यक्रम प्रदान करेगा। इस दौरान वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ओडीओपी), हस्तशिल्प, मंदिरों की वास्तुकला और ग्रामीण पर्यटन में नवाचार को भी प्रमुख रूप से प्रदर्शित किया जाएगा। विभाग निवेशकों के लिए पीपीपी-रेडी हेरिटेज प्रोजेक्ट्स की जानकारी उपलब्ध कराएगा, साथ ही पूंजी सब्सिडी, भूमि आवंटन, टैक्स छूट और सिंगल विंडो क्लीयरेंस जैसी नीतिगत प्रोत्साहनों का विवरण भी साझा करेगा।
जयवीर सिंह ने बताया कि यूपीआईटीएसपवेलियन को व्यापारिक अवसरों के अनुकूल बनाया जा रहा है। इसमें आरामदायक लाउंज, बी-टू-बी संवाद के लिए विशेष क्षेत्र और मीडिया किट्स की व्यवस्था की गई है। यह मंच निवेशकों, नीति-निर्माताओं और अंतरराष्ट्रीय सहयोग के लिए अवसर प्रदान करेगा और सतत पर्यटन विकास के राज्य के विजन को प्रदर्शित करेगा।
उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि पर्यटन हमारी विकसित भारत /2047 की दृष्टि के केंद्र में है। यूपीआईटीएस में केवल प्रदेश की अद्वितीय सांस्कृतिक और आध्यात्मिक धरोहर का उत्सव ही नहीं मनाया जाएगा, बल्कि यह भी प्रदर्शित करेंगे कि राज्य कैसे वैश्विक निवेशकों और उद्यमियों के लिए नए द्वार खोल रहा है। बौद्ध सर्किट सहित अन्य प्रमुख पर्यटन स्थलों के माध्यम से उत्तर प्रदेश स्वयं को परंपरा और अवसर के संगम स्थल के रूप में स्थापित कर रहा है।
प्रमुख सचिव पर्यटन एवं संस्कृति मुकेश कुमार मेश्राम ने बताया कि यूपीआईटीएस-2025 में उत्तर प्रदेश का पवेलियन केवल एक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि एक समग्र अनुभव प्रस्तुत करेगा। उन्होंने बताया कि सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और नीतिगत निवेश संवाद के माध्यम से उत्तर प्रदेश को एक प्रतिस्पर्धी वैश्विक पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य रोजगार सृजन, विरासत को आय के श्रोत में विकसित करना और सतत पर्यटन को बढ़ावा देना है।

About currentmedia09@gmail.com

Currentmedia.in राष्ट्रीय स्तर पर तेजी से बढ़ती हुई हिंदी समाचार वेबासाइट है। वेबसाइट में ब्यूरोक्रेसी में ताजा घटनाक्रम, देश और समाज के लिए अमूल्य योगदान देने वाले व अपने कार्यो के दम पर अपनी पहचान बनाने वाले आइएएस और आइपीएस अधिकारियों व डॉक्टरो, कानून के जानकारों की रोचक स्टोरी के साथ उनके जीवन संघर्षो पर आधारित निष्पक्ष लेख पाठक को मिलेंगे। वेबसाइट में अन्य क्षेत्रों के भी विश्वसनीय, प्रमाणिक और निष्पक्ष समाचार पाठक वर्ग के लिए उपलब्ध रहेगा, इसके लिए वेबसाइट की ऑनलाइन संपादकीय टीम हर रोज विस्तृत कंटेट अपडेट करती रहेगी। संपादकीय टीम की कोशिश यही रहेगी की न्यूज कंटेट को लेकर पाठक वर्ग को किसी तरह की निराशा हाथ न लगे। साइट 24 घंटे प्रयोग में रहेगी।

Check Also

उत्पीड़न से परेशान मज़दूरों ने सड़क पर उतरकर किया हंगामा

नोएडा। अपनी आलीशान बिल्डिंग और आधुनिक कार्यालयों वाला शहर नोएडा अचानक से इतना उग्र क्यों …