करंट मीडिया । फ़रवरी में अमेरिका और इसराइल के हवाई हमलों में शहीद हुए ईरान के सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई और उनके परिवार के सदस्यों की अंतिम विदाई की रस्में क़रीब चार महीने बाद जुमे को शुरू की गई।
बीते 13 जून को ईरान ने अंतिम विदाई की रस्मों का शेड्यूल बताया गया था जो तीन जुलाई से 9 जुलाई तक चलेगा। उम्मीद है कि चार जुलाई को कई देशों के प्रतिनिधि श्रद्धांजलि सेरेमनी में शामिल होंगे। शुक्रवार को ईरानी झंडे वाले ताबूत में अली ख़ामेनेई और उनके परिवार के तीन सदस्यों को ग्रैंड मोसाल्ला में ले जाया गया है।

उनकी अंतिम विदाई की रस्में तेहरान के एक प्रमुख धार्मिक और सांस्कृतिक केंद्र, इमाम खुमैनी मस्जिद में आधिकारिक तौर पर शुरू हो गया है। अंतिम विदाई से पहले के समारोह में काले कपड़े पहने लोगों की भारी भीड़ दिखी, जबकि ताबूत को लाल फूलों और हवा में लटकी सफेद तितलियों के बीच रखा गया।
ईरान इस अंतिम विदाई समारोहों को सिर्फ़ एक धार्मिक रस्म नहीं, बल्कि जंग के बाद अपनी राजनीतिक और कूटनीतिक ताक़त के बड़े प्रदर्शन के तौर पर भी देख रहा है। आयोजन समिति के प्रमुख और उपराष्ट्रपति मोहम्मद रज़ा आरिफ़ ने कहा कि 4 और 5 जुलाई को तेहरान में सार्वजनिक अवकाश रहेगा, जबकि 6 जुलाई को पूरे देश में छुट्टी रहेगी।
तेहरान में इन रस्मों की निगरानी कर रहे आईआरजीसी के वरिष्ठ कमांडर ब्रिगेडियर जनरल हसनज़ादेह ने कहा कि प्रशासन को 1.2 करोड़ से 1.5 करोड़ लोगों के शामिल होने की उम्मीद है, जबकि यह संख्या 2 करोड़ तक पहुंच सकती है। सैन्य प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल मोहम्मद अकरामिनिया ने कहा कि सुरक्षा और सहायता के लिए 10 हज़ार से ज़्यादा सुरक्षाकर्मियों और 10 सैन्य अस्पतालों को तैनात किया गया है। इस दौरान 1.5 लाख पुलिसकर्मी अलर्ट पर रहेंगे. 6 जुलाई को तेहरान और 9 जुलाई को मशहद का हवाई क्षेत्र बंद रहेगा।
अली ख़ामेनेई और उनके परिजनों के शवों को इतने दिनों तक किस तरह रखा गया और उन्हें दफ़नाने में इतनी देरी पर सवाल उठे हैं लेकिन ईरान की ओर से इस बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है। लेकिन विश्लेषकों का कहना है कि आम तौर पर मृत्यु की स्थिति में दफ़नाने की प्रक्रिया शुरू की जाती है क्योंकि रासायनिक लेप से शव को संरक्षित करने को इस्लाम में प्रोत्साहित नहीं किया जाता है।

यह भी माना जा रहा है कि अमेरिका और इसराइल के साथ 40 दिनों तक चली जंग के कारण अंतिम विदाई की रस्मों को टाला गया था। बीते 15 जून को अमेरिका और ईरान के बीच 60 दिनों के संघर्ष विराम को लेकर एक एमओयू पर हस्ताक्षर हुए थे। इससे दो दिन पहले ईरान ने अंतिम विदाई के शेड्यूल के बारे में जानकारी दी थी।
3 जुलाई- अंतरराष्ट्रीय श्रद्धांजलि समारोह । उप गृह मंत्री ब्रिगेडियर जनरल अली अकबर पूरजमशीदियान ने कहा कि विदेशी गणमान्य लोग एक विशेष समारोह में श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माईल बक़ाई ने कहा कि विदेशी सार्वजनिक प्रतिनिधिमंडलों के लिए कार्यक्रम स्थानीय समयानुसार सुबह 8 बजे शुरू होंगे। इसके बाद दूसरे देशों के वरिष्ठ अधिकारी स्थानीय समयानुसार दोपहर 2 बजे श्रद्धांजलि देंगे।
4-5 जुलाई- तेहरान में जनाज़े की नमाज़ । तेहरान के ग्रैंड मोसल्ला में दो दिन का शोक समारोह आयोजित किया जाएगा। 4 जुलाई को स्थानीय समयानुसार सुबह 6 बजे प्रवेश द्वार खुलेंगे और 5 जुलाई को रात 8 बजे बंद होंगे। मुख्य जनाज़े की नमाज़ 5 जुलाई की सुबह अदा की जाएगी।
ख़ामेनेई के अलावा उनकी बेटी बुशरा हुसैनी ख़ामेनेई, बहू ज़हरा हद्दाद-आदिल (मुजतबा ख़ामेनेई की पत्नी), दामाद मिस्बाह अल-हुदा बाक़ेरी और उनकी पोती ज़हरा मोहम्मदी गोलपायगानी के ताबूत भी लोगों की अंतिम श्रद्धांजलि के लिए रखे जाने की उम्मीद है।
6 जुलाई को अंतिम यात्रा स्थानीय समयानुसार सुबह 6 बजे शुरू होगी। आयोजकों ने राजधानी से होकर गुज़रने वाला लंबा मार्ग चुना है। उनका कहना है कि अनुमानित भीड़ को समायोजित करने के लिए कोई एक सड़क काफ़ी नहीं होगी। प्रशासन को उम्मीद है कि कार्यक्रम शाम तक पूरा हो जाएगा।

7 जुलाई को ईरान के प्रमुख धार्मिक शहर क़ुम में यह रस्म स्थानीय समयानुसार सुबह लगभग 5 बजे शुरू होगी। जमकरान मस्जिद में एक वरिष्ठ धर्मगुरु की अगुवाई में नमाज़ अदा की जाएगी।
8 जुलाई को इराक़ में ईरान के सांस्कृतिक अताशे ग़ुलामरज़ा अबाज़री ने कहा कि पार्थिव शरीर 7 जुलाई की शाम नजफ़ पहुंचेगा। 8 जुलाई को स्थानीय समयानुसार सुबह 6 बजे नजफ़ और शाम 4 बजे कर्बला में अंतिम यात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद पार्थिव शरीर को वापस ईरान ले जाया जाएगा।
9 जुलाई को ख़ामेनेई को उत्तर-पूर्वी शहर मशहद में आठवें शिया इमाम, इमाम रज़ा के रौज़े में सुपुर्द-ए-ख़ाक़ किया जाएगा । मक्का और मदीना के बाद नजफ़ और कर्बला शिया इस्लाम के सबसे पवित्र शहरों में गिने जाते हैं।
नजफ़ में पहले शिया इमाम और पैग़ंबर मुहम्मद के चचेरे भाई इमाम अली का रौज़ा है। वहीं कर्बला में इमाम हुसैन का मज़ार है, जिनकी कर्बला की जंग में शहादत शिया पहचान और धार्मिक परंपरा का केंद्रीय आधार मानी जाती है।
ईरानी अधिकारियों का कहना है कि इन रस्मों का आयोजन इराक़ के क़बायली नेताओं, धर्मगुरुओं, बुद्धिजीवियों और राजनीतिक हस्तियों के अनुरोध पर किया गया। 28 जून को बग़दाद की यात्रा के दौरान विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची ने इन कार्यक्रमों के आयोजन में सहयोग के लिए इराक़ी प्रशासन का शुक्रिया अदा किया और कहा कि ये दोनों देशों के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और धार्मिक रिश्तों की मज़बूती को दर्शाते हैं। उन्होंने तैयारियों पर चर्चा के लिए नजफ़ और कर्बला के गवर्नरों से भी मुलाक़ात करी ।
Current Media 