शाहजहांपुर। मो0आफाक । यूपी थाना मदनापुर पुलिस ने सोलर पैनल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की गई लूम सोलर कंपनी की सात सोलर पैनल प्लेटें बरामद की हैं। वारदात में प्रयुक्त ऑटो को भी सीज कर दिया गया है, जबकि गिरोह के दो अन्य साथी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार, 14 जुलाई को थाना क्षेत्र के गांव केशौपुर गौटिया निवासी रतनपाल ने खेत में लगे सात सोलर पैनल चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मामले के खुलासे के लिए दो टीमों का गठन किया गया। जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर 15 जुलाई को गंगा एक्सप्रेसवे सर्विस रोड के पास एक संदिग्ध ऑटो को रोककर तलाशी ली गई। ऑटो से चोरी के सात सोलर पैनल बरामद हुए। मौके से विपिन, पिंकू उर्फ पिंटू और मीनू सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि, मोटरसाइकिल पर सवार उनके दो साथी मौके से फरार होने में सफल रहे।
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार तीनों आरोपियों के खिलाफ पहले से भी चोरी समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दिया है। वहीं, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

Current Media