लखनऊ । उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा उ0प्र0 में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की जयन्ती के अवसर पर 02 अक्टूबर से 08 अक्टूबर तक पूरे प्रदेश में जिला स्तर पर ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ एवं ’वोट बचाओ देश बचाओ’ मार्च का आयोजन किए जाने का निर्णय लिया गया है।
भारत निर्वाचन आयोग के संस्थागत कब्जे और मुख्य निर्वाचन आयुक्त श्री ज्ञानेश कुमार को हटाने, उन पर मुकदमा चलाने एवं उनकी गिरफ्तारी की मांग को लेकर किए गए पूरे प्रदेश में आन्दोलन एवं संघर्ष को आगे बढ़ाते हुए, आगामी सप्ताह 2 से 8 अक्टूबर तक ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया। इसके तहत सभी जिलों में ‘वोट बचाओ देश बचाओ’ मार्च आयोजित किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि यह आयोजन इण्डिया गठबंधन की दिल्ली में आयोजित बैठक में लिए गए निर्णय के तहत किया जा रहा है, यह इण्डिया गठबंधन की संयुक्त पहल है। प्रथम दिन जिला स्तर पर सभी इण्डिया गठबंधन दलों के साथ संयुक्त बैठक आयोजित किया जाएगा व उसके बाद संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस किया जाएगा। प्रमुख राज्य स्तरीय नेताओं की अपने-अपने जिलों में जिला/शहर नेतृत्व के साथ इन बैठकों में उपस्थिति अनिवार्य होगी। दूसरे दिन- गठबन्धन सहयोगियों के साथ ब्लॉक/वार्ड स्तर पर संयुक्त तैयारी बैठकें आयोजित की जाएंगी, ताकि रणनीति तैयार की जा सके. जमीनी कार्यकर्ताओं को संगठित किया जा सके और जिला स्तर पर आयोजित मार्च की व्यवस्थाओं की योजना बनाई जा सके। तीसरे दिन गठबंधन के सहयोगी दलों के साथ बड़े पैमाने पर जिला स्तरीय मार्च आयोजित किया जाए, जो बाबा साहब डॉ० भीमराव अम्बेडकर जी की प्रतिमा, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की प्रतिमा या जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय तक जायेगा। निर्धारित स्थान पर पहुंचने के बाद सभी प्रतिभागी राष्ट्रगान गाएं और भारतीय संविधान के अनुच्छेद 326 का सार्वजनिक रूप से वाचन किया जाएगा, जो सार्वभौमिक वयस्क मताधिकार की गारंटी देता है। विरोध प्रदर्शन का समापन श्री ज्ञानेश कुमार के पुतले के दहन के साथ किया जाएगा।
इन कार्यक्रमों में नेता विधान मंडल दल, नि० प्रदेश पदाधिकारियों, जिला/शहर अध्यक्षों/पदाधिकारियों, वर्तमान /पूर्व विधायकों, अ०भा० कांग्रेस कमेटी/प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्यों. वरिष्ठ नेताओं, जिला/शहर कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्षों/पदाधिकारियों, फ्रन्टल संगठनों, विभागों, प्रकोष्ठों, विगत लोकसभा/विधानसभा/स्थानीय एवं नगरीय निकाय के प्रत्याशियों सहित सभी कांग्रेसजनों और जमीनी स्तर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं व कांग्रेसजनों की सक्रिय एवं अनिवार्य भागीदारी आवश्यक है।
अ०भा० कांग्रेस कनेक्ट सेंटर और केन्द्रीय कंट्रोल रूम इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम के क्रियान्वयन की निगरानी एवं ट्रैकिंग के लिए प्रदेश व जिला/शहर नेतृत्व के साथ सीधे समन्वय करेंगे।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री अजय राय जी पूर्व मंत्री की ओर से प्रकरण की गम्भीरता को देखते हुए समस्त जिला/शहर अध्यक्षों को परिपत्र भेजकर जिला/शहर कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में जनपद के समस्त कांग्रेसजनों के साथ इसका सफल क्रियान्वयन का आग्रह किया गया है।

Current Media